मानसून के ब्रेक के बीच जिले में गर्मी व उमस का असर बना हुआ है। बुधवार को प्रदेश में श्रीगंगानगर 41.8 डिग्री के बाद चूरू में 39.8 डिग्री सबसे अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। बुधवार को सुबह के समय कुछ देर तक घने बादल व काली घटाएं छाई रही। 10 बजे के बाद छितराए बादलों के बीच धूप का असर तेज हो गया। इसके बाद में शाम तक तेज धूप के बीच उमस बनी रही, जिसके कारण लोगों के पसीने छूटते रहे। बुधवार को अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री बढ़कर 39.8 डिग्री पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.7 व न्यूनतम 29.6 डिग्री रहा था। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के अधिकांश भागों में आगामी पांच दिन मौसम मुख्त: शुष्क रहने की संभावना है। जयपुर, भरतपुर व बीकानेर संभाग में आगामी तीन-चार दिनों तक कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। निदेशक शर्मा का कहना है कि इस दौरान अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा तथा मामूली उतार-चढ़ाव बना रहेगा। उल्लेखनीय है कि जिले में पिछले तीन-चार दिन से बारिश नहीं होने के कारण उमस व गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है।