जमीतपुरा| ग्राम पंचायत चुनाव को लेकर सरपंच व वार्ड पंच पदों की आरक्षण लॉटरी निकलने के बाद गांव की सियासी तस्वीर बदल गई। सरपंच पद की उम्मीदवारी को लेकर लंबे समय से तैयारियों में जुटे कई लोगों को उस समय निराशा हाथ लगी, जब लॉटरी में सरपंच पद अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लिए आरक्षित हो गया। वहीं एससी वर्ग से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत जमीतपुरा में करीब 20 वर्ष से अधिक बाद सरपंच पद एससी वर्ग के लिए आरक्षित हुआ है। आरक्षण की घोषणा से पहले कई लोग सरपंच पद के चुनाव को लेकर गांव में जनसंपर्क, बैठकों और अन्य तैयारियों में जुटे हुए थे। कुछ संभावित प्रत्याशियों ने लंबे समय से चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर रखी थी, लेकिन आरक्षण की स्थिति बदलने के बाद उनकी तैयारियों पर विराम लग गया। इसी बीच परिसीमन के दौरान जमीतपुरा ग्राम पंचायत में छपावदा गांव को भी जोड़ दिया है। पंचायत क्षेत्र का विस्तार होने के बाद अब सरपंच पद का चुनाव केवल जमीतपुरा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छपावदा गांव के मतदाता और संभावित दावेदार भी चुनावी समीकरणों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। लॉटरी में एससी सीट आने के बाद अब एससी वर्ग के संभावित दावेदारों में चुनाव को लेकर सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है। वहीं सामान्य व अन्य वर्ग से सरपंच पद की तैयारी कर रहे लोगों में मायूसी नजर आई। वार्ड पंच पदों की आरक्षण स्थिति सामने आने के बाद भी विभिन्न वार्डों में चुनावी समीकरण बदलने की संभावना है। आरक्षण लॉटरी और पंचायत में नए गांव के शामिल होने के बाद संभावित उम्मीदवार चुनावी रणनीति बनाने में जुटने लगे हैं।