यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुविधा को देखते हुए रेलवे ने आगरा कैंट-असारवा (अहमदाबाद) सुपरफास्ट एक्सप्रेस को अब नियमित रूप से चलाने का निर्णय लिया है। पहले विशेष ट्रेन के रूप में चल रही गाड़ी संख्या 01919/01920 को अब गाड़ी संख्या 20178/20177 के रूप में सप्ताह में पांच दिन नियमित सेवा के तौर पर संचालित किया जाएगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 20178, आगरा कैंट-असारवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस 8 अप्रैल से आगरा कैंट से सप्ताह में पांच दिन (सोमवार और मंगलवार को छोड़कर) शाम 6 बजकर 45 मिनट पर रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 11 बजे असारवा (अहमदाबाद) पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 20177, असारवा-आगरा कैंट सुपरफास्ट एक्सप्रेस 9 अप्रैल से असारवा से सप्ताह में पांच दिन (मंगलवार और बुधवार को छोड़कर) दोपहर 3 बजे प्रस्थान करेगी। यह अगले दिन सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर आगरा कैंट पहुंचेगी। यह ट्रेन अपने मार्ग में गंगापुर सिटी, सवाईमाधोपुर, केशोराय पाटन, बूंदी, मांडलगढ़, चंदेरिया, मावली, राणाप्रतापनगर, उदयपुर सिटी, जावर, डूंगरपुर, शामलाजी रोड और हिम्मतनगर स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इससे राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। इस सुपरफास्ट ट्रेन में कुल 24 कोच शामिल होंगे। इनमें 1 सेकंड एसी, 2 थर्ड एसी, 10 स्लीपर, 9 जनरल और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं। इसके अतिरिक्त साबरमती-आगरा कैंट ट्रेन (12548) के आगमन समय में भी बदलाव किया गया है। यह ट्रेन अब 7:15 बजे के स्थान पर 7:05 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी। रेलवे के इस निर्णय से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद है।