भरतपुर के रहने वाले एक व्यक्ति की उसकी पत्नी ने हत्या कर दी। आरोपी महिला ने बॉडी को घर के बाथरूम में ही गाड़ दिया। उसके ऊपर टाइल्स लगवा दीं। आरोपी नहाने के लिए इसी बाथरूम का इस्तेमाल करती रही। करीब 45 दिन तक उसने हत्या की जानकारी छुपाकर रखी। शुक्रवार (3 जुलाई) को इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने बाथरूम से सुरेंद्र कुमार शर्मा (44) की बॉडी को निकाला। आरोपी महिला रूबी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी की है। सबसे पहले देखिए- घटनास्थल की तस्वीरें… 16 साल पहले हुई थी शादी, दोनों में अनबन थी मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले सुरेंद्र कुमार शर्मा (44) आगरा के सिकंदरा क्षेत्र की दहतोरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में रहते थे। उनकी शादी साल 2010 में इटावा की रहने वाली रूबी से हुई थी। दोनों की दो बेटियां हैं। घर में सुरेंद्र, पत्नी रूबी, मां कमला और दोनों बेटियां रहती थीं। सुरेंद्र के पिता राधेश्याम शर्मा टीचर थे, जिनकी पहले ही मौत हो चुकी है। सुरेंद्र के भाई अनिल शर्मा ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। अब जानें पूरा मामला 18 मई को जेठ को दी थी जानकारी: सुरेंद्र के भाई अनिल शर्मा ने बताया कि 18 मई की सुबह रूबी का उनके पास फोन आया था। उसने कहा कि घर पर पुलिस का कोई मामला हो गया है, इसलिए मां और दोनों बच्चियों को यहां से ले जाओ। उसने सिर्फ इतना कहा कि घर मत आना, मैंने मां और दोनों बच्चियों को पास की एक दुकान पर बैठा दिया है, वहीं से उन्हें अपने साथ ले जाना। फिर से फोन कर कहा, सुरेंद्र कहीं चला गया है: अनिल मां और दोनों बच्चियों को लेकर अवधपुरी स्थित अपने घर पहुंचने ही वाले थे कि तभी रूबी का फिर फोन आया। उसने बताया कि सुरेंद्र जबरदस्ती घर का ताला खुलवाकर 5 हजार रुपए लेकर और झगड़ा करके कहीं चले गए हैं। जाते समय उन्होंने कहा था कि 2-3 दिन बाद फोन करके बताएंगे कि वे कहां हैं। करीब 8 दिन रूबी जेठ के घर रही: 19 मई की शाम को रूबी ने फिर अपने जेठ अनिल शर्मा को फोन किया। उसने कहा कि यहां उसका मन नहीं लग रहा है, इसलिए उसे भी बच्चों के पास ले जाया जाए। उसी रात अनिल उसे भी अपने घर ले आए। इसके बाद रूबी अपने दोनों बच्चों के साथ करीब 7-8 दिन तक वहीं रही। 26 मई को लापता होने की रिपोर्ट दी: इस दौरान सुरेंद्र का कोई पता नहीं चला। अनिल शर्मा और परिवार के अन्य सदस्य लगातार रूबी से सुरेंद्र के बारे में पूछते रहे, लेकिन वह हर बार उन्हें अलग-अलग बातें कहकर गुमराह करती रही। जब काफी तलाश के बाद भी सुरेंद्र का कोई सुराग नहीं मिला, तो 26 मई को अनिल शर्मा ने अपने भाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। खीर में नींद की गोलियां मिलाईं: रूबी ने पुलिस को बताया- 17 मई की रात को उसने पति सुरेंद्र को डेढ़ दर्जन से अधिक नींद की गोलियां खीर में मिलाकर खिलाई थीं। पति की मौत के बाद सुबह बाथरूम में उसका शव छुपा दिया। बॉडी गाड़ने के बाद मिस्त्री को बुलवाकर वहां प्लास्टर करवा दिया। कुछ दिनों बाद उस हिस्से में टाइल्स लगवा दीं। भावुक होकर जेठ को बताया, तो खुला राज अनिल शर्मा ने बताया कि 27 जून को शक होने पर वह अपनी मां को सुरेंद्र के घर से अपने साथ ले आए। इसके बाद उन्हें भरतपुर ले जाकर बैंक खाते का स्टेटमेंट निकलवाया। मां के खाते में आने वाली पेंशन का पैसा रूबी ही खर्च करती थी। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे रूबी ने उन्हें फोन कर घर बुलाया। वहां बातचीत में उन्होंने सुरेंद्र के बारे में पूछा। पहले तो रूबी टालमटोल करती रही। फिर उसे समझाया कि - रोने से कुछ नहीं होगा। अगर कोई बात है तो मुझे सच बता दो। अगर तुम किसी परेशानी में हो, तो मैं तुम्हारी मदद करूंगा और तुम्हारे ऊपर आंच नहीं आने दूंगा।" यह सुनकर रूबी भावुक हो गई। रूबी ने कहा कि सुरेंद्र ने फांसी लगा ली थी। वह घबरा गई थी, इसलिए उसने शव को घर के बाथरूम की फर्श के नीचे दबा दिया। अनिल शर्मा ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। कंकाल की होगी फोरेंसिक जांच एसीपी ने बताया- सुरेंद्र शर्मा का शव पूरी तरह से गल गया था। इसलिए शुक्रवार को पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। शनिवार को कंकाल की फोरेंसिक जांच होगी। इसके लिए 5 सदस्यीय टीम बनाई जाएगी।