बांसवाड़ा| भारतीय जनता पार्टी ने एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक का कथित दुरुपयोग कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध आपत्तिजनक वीडियो और छवि प्रसारित करने तथा अमर्यादित टिप्पणी करने के आरोप में कार्तिकेय भारद्वाज नाम के व्यक्ति के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा पदाधिकारियों ने मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी गौरव सिंह राव ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रधानमंत्री मोदी की छवि धूमिल करने और जनभावनाओं को आहत करने के उद्देश्य से एआई तकनीक का दुरुपयोग करते हुए भ्रामक, आपत्तिजनक व अशोभनीय सामग्री प्रसारित की गई है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की हरकत न केवल लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है, बल्कि देश के सर्वोच्च लोकतांत्रिक पद की गरिमा पर भी सीधा प्रहार है। जिला मीडिया प्रभारी राव के सा​थ ही सोशल मीडिया जिला संयोजक प्रभुलाल निनामा, आबापुरा मंडल अध्यक्ष कन्हैयालाल डिंडोर तथा युवा मोर्चा जिलामंत्री मिलन पंड्या ने कोतवाली थाना पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी है।