अजमेर में ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 68 हजार रुपए की ठगी की वारदात सामने आई। आरोपियों ने पीड़ित से रकम विड्रॉल कराने के नाम पर अलग-अलग किश्तों में पैसे वसूल लिए। इसके बाद उनका फोन स्विच ऑफ हो गया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित घीसूलाल बालुपुरा रोड आदर्श नगर, अजमेर निवासी ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चार गुना मुनाफे के मैसेज पर क्लिक करना पड़ा भारी रिपोर्ट के मुताबिक, 11 जून को घीसूलाल ने टेलीग्राम चैनल पर चार गुना मुनाफे का मैसेज देखा, फिर मैसेज में दिए गए लिंक पर उसने क्लिक कर दिया। क्लिक करते ही आरोपियों ने उसे व्हाट्सएप ग्रुप पर जोड़ लिया। फिर आरोपियों और पीड़ित की वाट्सएप पर कईं बार चेट के जरिए बातचीत हुई। पीड़ित ने आरोपियों के झांसे में आकर 2 हजार रुपए ट्रांजेक्शन के जरिए भेजकर अपना अकाउंट खुलवा लिया। इसके बाद पीड़ित ने इनवेस्ट के नाम पर 2-2 हजार रुपए के 5 बार ट्रांजेक्शन के जरिए आरोपियों को रकम भेज दी। फिर पीड़ित ने 10 हजार रुपए और इनवेस्ट कर दिए। ऑनलाइन विड्रॉल करने पर जीएसटी-टैक्स के नाम पर कमीशन मांगा इसके बाद पीड़ित ने जब अपना ऑनलाइन अकाउंट चेक किया तो उसका बैलेंस 97 हजार रुपए बताया। जब वह पैसे ऑनलाइन विड्रॉल करने लगा तो विड्रॉल कमीशन के लिए 19 हजार 577 रुपए मांगे गए, तब पीड़ित ने वो रुपए दे दिए गए। इसके बाद जीएसटी और टैक्स के नाम पर 28 हजार 678 रुपए की डिमांड की गई, वो राशि भी ऑनलाइन दे दी गई। फिर पीड़ित ने रुपए विड्रॉल करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे चार दिन बाद विड्रॉल करने का आश्वासन दिया। लेकिन चार दिन बाद जब पीड़ित ने कॉल किया तो आरोपियों का फोन स्वीच ऑफ आ रहा था। तभी पीड़ित को कुल 68 हजार 248 रुपए की ठगी का अहसास हुआ। साइबर थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ………… पढें ये खबर भी…. सुरक्षा जवान-सुपरवाईजर व ड्रोन पायलट पदों पर होगी भर्ती:18 से 26 हजार मिलेगी सैलरी, जानिए-15 जुलाई से कब कहां लगेंगे कैंप भारत सरकार के पसारा एक्ट अधिनियम 2005 के तहत जीडीएक्स सिक्योरिटी ग्रुप नोएडा की ओर से 250 सुरक्षा जवान, 30 सुपरवाईजर, 20 ड्रोन पायलट के लिए भर्ती कैम्प होंगे। इसकी शुरूआत 15 जुलाई से होगी। इसमें हर महीने 18 से 26 हजार रुपए सैलरी मिलेगी। (पूरी खबर पढें)