अजमेर आर्ट गैलरी से दो आरोपियों ने 283 ग्राम चांदी की दो चेन चोरी कर ली। घटना शुक्रवार शाम की है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामला गंज थाना क्षेत्र में धानमंडी स्थित शनि मंदिर के पास का है। पीड़ित अशोक छतवानी ने बताया कि महिला समेत दो जने ग्राहक बनकर दुकान में आए थे। दोनों ने सामान दिखाने को कहा लेकिन कुछ देर बाद बिना कुछ खरीदे वहां से चले गए। करीब पांच मिनट बाद जब सामान देखा तो दो चेन कम मिलीं। तब चोरी का पता चला। सीसीटीवी फुटेज में महिला चेन मोबाइल के पीछे छिपाते दिख रही है। घटना के बाद दुकान स्टाफ के 6 लोगों ने आस-पास तलाश की लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। गंज थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।