अजमेर के लोहाखान-पीलीखान क्षेत्र में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के पाइप में ब्लास्ट हो गया। इस दौरान रसोई में मौजूद महिला झुलस गई। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर बचाने के लिए महिला का पति और देवर पहुंचे तो वह भी झुलस गए। इसके बाद घर में हड़कंप मच गया। आग पर काबू पाया गया और घायलों को जेएलएन अस्पताल भिजवाया। जहां पति-पत्नी और देवर का इलाज जारी है। सूचना पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइन थाने के एएसआई चंपालाल ने बताया- हादसे में लोहाखन निवासी तायबा(45), कमर अली(48), सलीम(48) घायल हुए हैं। जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। खाना बनाते समय हुआ हादसा घायलों की बहन रजिया बानो ने बताया- भाभी तायबा घर के अंदर किचन में खाना बना रही थी। रेगुलेटर में लीकेज था। गैस चालू करते ही पाइप में ब्लास्ट हुआ और आग लग गई। इससे भाभी झुलस गई। भाभी के चिल्लाने की आवाज सुनकर भाई कमर अली और सलीम बचाने के लिए दौड़े। बहन ने बताया- पहले आग पर काबू पाया गया। वहीं, भाभी की जान बचाते हुए दोनों भाई भी झूलस गए। इसके बाद तीनों को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। भर्ती करवाया गया। भाभी और दोनों भाइयों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।