चित्तौड़गढ़ में शादी के तीन महीने बाद एक युवक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। एक दिन पहले काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। रात तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी काफी तलाश की और लगातार फोन किए, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला। अगले दिन घर से करीब 25 किलोमीटर दूर जंगल में उसका शव मिला। घटनास्थल पर उसका मोबाइल और जूते अलग-अलग पड़े मिले। पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि युवक ने कुछ रिश्तेदारों से उधार रुपए मांगे थे, लेकिन किस कारण से जरूरत थी, यह किसी को नहीं बताया था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामला मंडफिया थाना क्षेत्र के घोड़ाखेड़ा बाउजी के पास जंगल का है, जहां सोमवार (27 जुलाई) शाम करीब 7 बजे युवक का शव मिला। मंगलवार (28 जुलाई) को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। काम पर जाने की बात कहकर निकला, रात तक नहीं लौटा मंडफिया थाना ASI शंकर लाल ने बताया- मंगलवाड़ (चित्तौड़गढ़) निवासी ओमप्रकाश पुत्र (26) सोहनलाल लोडिंग ऑटो चलाता था। परिजनों के अनुसार, रविवार (26 जुलाई) शाम करीब 4 बजे वह अपने दादा से सांवलियाजी तक भाड़ा मिलने की बात कहकर घर से निकला था। लेकिन शाम 7 बजे घर नहीं पहुंचा। कई बार कॉल किए गए, लेकिन फोन बंद मिला। रिश्तेदारों और परिचितों से भी जानकारी ली गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद देर रात मगलवाड़ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई और पुलिस ने जिले के सभी थानों में उसकी तलाश शुरू कर दी। अगले दिन जंगल में पेड़ से लटका मिला शव सोमवार (27 जुलाई) को मंडफिया थाना क्षेत्र के घोड़ाखेड़ा बाउजी के पास जंगल में एक पेड़ से युवक का शव लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। पहले से दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर पहचान कर परिजनों को सूचित किया गया। सूचना मिलने पर परिजन मंडफिया थाने पहुंचे और बाद में शव को चित्तौड़गढ़ हॉस्पिटल ले जाया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपा, पुलिस जांच में जुटी मंगलवार सुबह मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर की जाएगी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, निष्पक्ष जांच की मांग परिवार का कहना है कि ओमप्रकाश की किसी से कोई रंजिश या विवाद नहीं था। वह अपने काम से काम रखने वाला सीधा-सादा युवक था। ऐसे में वह जंगल तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, यह समझ से बाहर है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। एडवोकेट राजू खटीक ने कहा - जिस परिस्थिति में शव मिला है, उसे देखते हुए पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए और बिना सभी तथ्यों की जांच किए किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए। तीन महीने पहले हुई थी शादी, पैसों की जरूरत की कही थी बात परिजनों ने बताया - ओमप्रकाश की शादी इसी साल अप्रैल में हुई थी। पिछले पांच-छह दिनों से वह कुछ रिश्तेदारों से पैसों की जरूरत होने की बात कर रहा था, लेकिन उसने कभी यह नहीं बताया कि उसे पैसों की जरूरत क्यों है। पिता गुजरात में काम करते हैं। परिवार का कहना है कि उसके व्यवहार में ऐसा कोई बदलाव नहीं था, जिससे किसी बड़ी परेशानी का अंदाजा लगाया जा सके।