अजमेर जिले के सरवाड़ थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप पर काम करने वाले कैशियर द्वारा लाखों रुपए के गबन का मामला सामने आया है। कर्मचारी पेट्रोल पंप की नकदी बैंक में जमा कराने के लिए निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। प्रारंभिक जांच में करीब 30 से 35 लाख रुपए के गबन की आशंका जताई गई है। बैंक में जमा कराने गया था, नहीं लौटा पुलिस के अनुसार, अजगरी निवासी हंसराज गुर्जर एस.एस. पेट्रो फ्यूल स्टेशन अजगरा पर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। जिसने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि पंप पर कार्यरत कैशियर छोटू गिरी (45) रोजाना की तरह नकदी लेकर बैंक में जमा कराने के लिए 7 अप्रैल को सुबह करीब 11 बजे निकला था। वह ए.यू. स्मॉल फाइनेंस बैंक, केकड़ी में राशि जमा कराने की बात कहकर गया था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। कई दिन से नहीं दे रहा था हिसाब मैनेजर ने जब उसके मोबाइल पर संपर्क किया तो फोन बंद मिला। इसके बाद मुनीम रामेश्वर माहेश्वरी से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि छोटू गिरी कई दिनों से हिसाब देने नहीं आ रहा था और करीब 30 लाख रुपए की कमी (घोटाले) की आशंका है। रकम लेकर फरार संदेह होने पर जब उसके घर पर पूछताछ की गई तो वह वहां भी नहीं मिला। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पहले से ही गबन की नीयत से रकम लेकर फरार हो गया। पुलिस थाना सरवाड़ ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धारा 316(4) और 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।