अजमेर के क्लॉक टावर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह गांधी भवन के पास एक दुकान के बाहर खून से लथपथ युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। थाने से 500 मीटर दूरी पर शव मिलने की सूचना पर क्लॉक टावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं इससे मामला और संदिग्ध हो गया है। मामले में पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर एफएसएल और एमओबी टीम को बुलाया। दोनों टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़, सीओ मनीष बड़गूजर और क्लॉक टावर थाना प्रभारी भीखराम काला भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। शव पर मिले चोट के निशान, मोर्चरी पहुंचकर भी की जांच पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाने के साथ आसपास की परिस्थितियों का भी जायजा लिया। एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ मोर्च्युरी पहुंचे और डॉक्टरों से मामले को लेकर जानकारी ली। शव की जांच के दौरान चोट के निशान सामने आए हैं। फिलहाल इन चोटों की प्रकृति और मौत के कारणों को लेकर जांच की जा रही है। इसके साथ ही मृतक की पहचान को लेकर भी जांच की जारी है। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, टीम गठित एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि गांधी भवन के पास दुकान के बाहर युवक का शव मिला था। सूचना पर पुलिस टीम ने एफएसएल व एमओबी टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की जांच के लिए टीम गठित कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक की मौत हादसे में हुई या मामला हत्या का है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।