अजमेर में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। नांदला गांव में आंधी-ओलावृष्टि से बिजली गुल हो गई। जीएनएम नर्सिंग स्कूल के शिलान्यास कार्यक्रम में भी मौसम ने खलल डाला। तेज हवा और बारिश के कारण बीच सड़क पर बने मंच का टेंट फट गया। साथ ही पोल गिर गए और पोस्टर उड़ गए। बारिश से डीजे संचालक के एलईडी और स्पीकर भी खराब हो गए। इन मुश्किलों के बावजूद, भूमि पूजन कर कार्यक्रम को जैसे-तैसे पूरा किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम 5:30 बजे तक 17.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने शनिवार को भी जिले में बारिश की संभावना जताई है। अब देखिए, अजमेर के मौसम से जुड़ी 4 PHOTOS… 1. फोटो अजमेर में सुबह से बारिश, मौसम हुआ सुहावना 2. फोटो शिलान्यास कार्यक्रम में आंधी-बारिश से अफरा-तफरी 3. फोटो नांदला गांव में ओलावृष्टि 4. फोटो कैफे पर गिरा पेड़, भारी नुकसान शाम को फिर से तेज बारिश जिले में सुबह से ही मौसम में ठंडक बनी रही और बीच-बीच में बादल छाए रहे। सुबह करीब 10 बजे करीब 5 मिनट तक तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। शाम होते-होते मौसम ने फिर रफ्तार पकड़ी और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। आसमान में काले बादल छा गए और गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहा। अचानक बदले मौसम के कारण सड़कों पर भी हलचल कम नजर आई। इस दौरान शहर के कई इलाकों में पेड़ और पोल गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। पूरे दिन तापमान में गिरावट रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। शिलान्यास कार्यक्रम में आंधी-बारिश का कहर चंद्रवरदाई नगर खेल मैदान के सामने 7 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले जीएनएम नर्सिंग स्कूल के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मौसम ने खलल डाल दिया। बीच सड़क पर बनाए गए मंच पर तेज हवा और बारिश के चलते टेंट फट गया और पोल नीचे गिर गए। साथ ही लगाए गए पोस्टर भी उड़ गए। हालांकि, इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई। बारिश के कारण डीजे संचालक के एलईडी और स्पीकर भी खराब हो गए। बाद में भूमि पूजन कर कार्यक्रम को जैसे-तैसे पूरा किया गया। नांदला गांव में ओलावृष्टि से बिजली गुल जिले के नांदला गांव में शुक्रवार को अचानक तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। करीब आधे घंटे तक चली इस बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। तेज हवा के चलते कई स्थानों पर विद्युत पोल गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीणों के अनुसार ओलों से खेतों और पेड़ों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बिजली बहाली का कार्य शुरू किया गया। कैफे पर भारी भरकम पेड़ गिरा नसीराबाद में सरदार वल्लभभाई पटेल उद्यान के पास स्थित डिलीशियस कैफे पर एक भारी भरकम पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से कैफे की कांच की छत टूट गई और किचन व कैफे का आधे से ज्यादा हिस्सा पेड़ के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही छावनी परिषद की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।