अजमेर के डिग्गी बाजार निवासी एक युवती के एसबीआई बैंक खाते से साइबर ठगों ने 98 हजार रुपए निकाल लिए। घटना का पता तब चला, जब बैंक ने खाते से निकाले गए रुपए की पुष्टि करने के लिए कॉल किया। पीड़िता ने अपना फोनपे एप चेक किया तो खाते से पूरी राशि एक यूपीआई आईडी पर ट्रांसफर हो चुकी थी। मामले में साइबर अपराध थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यूपीआई आईडी पर ट्रांसफर हुए रुपए पुलिस के अनुसार पीर रोड, डिग्गी बाजार निवासी पायल कुमारी ने रिपोर्ट देकर बताया कि उनका एसबीआई डिग्गी बाजार शाखा में बचत खाता है। 17 जुलाई को बैंक से कॉल कर 98 हजार रुपए की निकासी की जानकारी दी गई। पायल ने किसी भी तरह का लेनदेन करने से इनकार किया। इसके बाद फोनपे एप देखने पर पता चला कि खाते से 98 हजार रुपए UPI आईडी पर ट्रांसफर हो चुके हैं। जांच में जुटी पुलिस पीड़िता ने तुरंत बैंक में शिकायत दर्ज कराई और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर भी शिकायत की। इसके बाद साइबर अपराध थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि राशि किस खाते में गई और साइबर ठगी को किस तरह अंजाम दिया गया।