अजमेर में एक तलाकशुदा महिला ने एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर करीब दस साल तक रेप करने, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है।पीड़िता ने आरोपी पर 12 लाख रुपए और 80 ग्राम सोना हड़पने तथा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म, धोखाधड़ी, धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नशीला पदार्थ पिलाकर किया रेप पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 2012 में उसकी आरोपी से पहचान हुई थी। कुछ समय बाद आरोपी ने उस पर शादी का दबाव बनाना शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि वर्ष 2016 में आरोपी उसे अपने घर ले गया, जहां नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ रेप किया और उसकी अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए। इसके बाद आरोपी इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा। 12 लाख कैश और 80 ग्राम सोने के जेवर हड़पने का आरोप पीड़िता का आरोप है कि ब्लैकमेल कर आरोपी ने उसके पास मौजूद तलाक के समय मिले 10 लाख रुपए, अन्य 2 लाख रुपए सहित कुल 12 लाख रुपए और करीब 80 ग्राम सोने के आभूषण अलग-अलग समय पर अपने कब्जे में ले लिए। जब भी उसने रुपए और जेवर वापस मांगे, आरोपी अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देता रहा। महिला ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि 2016 से 2026 तक आरोपी ने कई बार उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके साथ दरिंदगी की। इस दौरान वह कई बार गर्भवती हुई। आरोपी ने उसका गर्भपात भी करवाया। इससे वह मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान हो गई। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने वर्ष 2018 में 12 लाख रुपए लौटाने का लिखित अमानतनामा भी बनाया, लेकिन इसके बावजूद न तो रुपए लौटाए और न ही सोने के आभूषण वापस किए। बाद में महिला ने आरोपी के मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिए तो वह नए नंबरों और अपने परिचितों के माध्यम से कॉल व आपत्तिजनक संदेश भेजकर परेशान करता रहा। सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर किया परेशान आरोपी ने सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर महिला और उसके परिचितों को अभद्र व मानहानिकारक संदेश भी भेजे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि हाल ही में आरोपी उसे बहला-फुसलाकर गोवा, मुंबई और जयपुर ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध रेप किया। इसके बाद कुछ दिन पहले आरोपी ने उसके ऑफिस के बाहर से जबरन कार में बैठाकर एक होटल ले जाकर शराब के नशे में मारपीट की और शिकायत करने पर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने तथा महिला और उसके नाबालिग बेटे की हत्या की धमकी दी। पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर रेप, धोखाधड़ी, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।