बुजुर्ग महिला के अकाउंट से साइबर ठगों ने 5 लाख रुपए निकाल लिए। महिला बीड़ी बनाने का काम करती है। बेटी की शादी के लिए रुपयों को इक्ट्‌ठा कर रही थी लेकिन साइबर ठगों ने लाखों रुपए निकाल लिए। मामला अजमेर के अलवर गेट थाना क्षेत्र का है। महिला ने साइबर थाने में मामले की शिकायत दी है। अलवर गेट क्षेत्र में रहने वाली सुशीला देवी (61) ने बताया कि वह बीड़ी बनाने का काम करती है। बीड़ी बनाकर उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए 5 लाख रुपए इकट्ठा किए थे। उनका इंडियन ओवरसीज बैंक में अकाउंट है। 10 अप्रैल को बैंक में चार लाख और 18 अप्रैल को 1 लाख जमा करवाए थे। महिला ने रोते हुए बताया कि 21 अप्रैल से उनके अकाउंट से पैसा निकलना शुरू हो गया था। उन्हें 26 अप्रैल को ट्रूकॉलर के मैसेज के जरिए अकाउंट से पैसे निकालने की जानकारी मिली थी। साइबर थाना पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि वह अपने पैसों को लेकर लगातार बैंक के चक्कर लगा रही है। लेकिन बैंक की ओर से भी कोई मदद नहीं की जा रही।