अजमेर में किसानों की समस्याओं को लेकर सोमवार को किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। विकास चौधरी ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में फसल मुआवजे में देरी, एमएसपी खरीद केंद्रों पर अव्यवस्थाएं, चना पंजीकरण पोर्टल बंद होने, कृषि बिजली कटौती और खाद-बीज की कमी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने कहा- अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से किसानों की फसलें खराब हो चुकी हैं। गिरदावरी और बीमा क्लेम की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद बड़ी संख्या में किसानों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है। प्रशासन से 7 दिन में लंबित भुगतान कराने की मांग की। ज्ञापन में एमएसपी खरीद केंद्रों पर बारदाने की कमी, तुलाई में देरी और किसानों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें भी उठाई गईं। भीषण गर्मी में किसान लाइन में खड़े रहने को मजबूर विधायक ने कहा- भीषण गर्मी में किसान कई-कई दिन तक खरीद केंद्रों पर लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। खरीद केंद्रों पर पारदर्शी व्यवस्था और तुलाई के तुरंत बाद भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा चना पंजीकरण पोर्टल बंद होने से हजारों किसानों के पंजीकरण नहीं हो पाने का मुद्दा भी उठाया गया। विधायक ने पोर्टल तुरंत दोबारा शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि किसान मजबूरी में अपनी उपज बिचौलियों को कम दामों में बेच रहे हैं। ज्ञापन में अघोषित बिजली कटौती और दोपहर में दी जा रही कृषि बिजली सप्लाई पर भी नाराजगी जताई गई। किसानों के लिए सुबह के समय नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई। वहीं आगामी सीजन को देखते हुए सहकारी समितियों में यूरिया और डीएपी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।