अजमेर में जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) ऑफिस के बाहर एक व्यक्ति ने अपने ऊपर डीजल डालकर सुसाइड का प्रयास किया। इससे वहां मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया और तुरंत उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे जेएलएन हॉस्पिटल इलाज के लिए भेजा गया। यह घटना गुरुवार दोपहर ढाई बजे हुई। इस दौरान व्यक्ति ने बेटी के पिछले साल सुसाइड मामले में पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। पिता ने कहा- एक युवक के परेशान करने के कारण बेटी ने नवंबर 2025 में जन्मदिन के 3 दिन बाद आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने कहा- बेटी को न्याय नहीं दिला पाया तो जीने का कोई अधिकार नहीं। पीड़ित पिता ने SP से मामले में आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बेटी ने जन्मदिन के तीन दिन बाद घर पर किया था सुसाइड पीड़ित पिता ने बताया- उसकी 18 साल की बेटी थी। वह आईटीआई कर रही थी। 25 नवंबर 2025 को बेटी ने अपने जन्मदिन के दिन मां को एक युवक द्वारा परेशान करने की जानकारी दी थी। इसके दूसरे दिन युवक को परिवार ने समझा दिया था, लेकिन 28 नवंबर को बेटी ने घर पर फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया था। आरोपी युवक 2 साल से कर रहा था बेटी को ब्लैकमेल पिता ने बताया- बेटी के आत्महत्या करने के बाद उसके मोबाइल और सिम की कॉल डिटेल देखी पर पता चला कि युवक उसे 2 साल से परेशान कर रहा था। बेटी के साथ गलत हरकत कर उसके अश्लील फोटो-वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था। बेटी की मोबाइल की कॉल डिटेल से पता चला था कि सुसाइड से पहले भी आखिरी बार उसने आरोपी युवक से बातचीत की थी। कार्रवाई नहीं होने पर किया सुसाइड का प्रयास पिता ने आरोप लगाया- इसे लेकर अलवर गेट थाने और एसपी को पहले भी दो बार शिकायत दे चुके हैं, लेकिन मुझे लगातार थाने के चक्कर लगवाए जा रहे हैं। आज तक उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोपी खुलेआम बाहर घूम रहा है। पिता ने कहा- बेटी को न्याय नहीं मिलने के कारण मैं आज एसपी ऑफिस में डीजल डालकर सुसाइड करने पहुंचा था। पिता ने कहा- अगर बेटी को न्याय नहीं दिला पाया तो मुझे जीने का कोई अधिकार नहीं है।