बाड़मेर की डीएसटी टीम और धनाऊ पुलिस ने अवैध शराब पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक 18 चक्का ट्रेलर को पकड़ा है। वाहन की बॉडी में दो सीक्रेट बॉक्स बना रखे थे। इसमें 2248 केन शराब मिली है। इसे गुजरात में सप्लाई करने के लिए ले जाया जा रहा था। शराब तस्कर भारत माला के जरिए शराब की सप्लाई गुजरात में करने वाले थे। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। बीयर केन राजस्थान निर्मित हैं। सीक्रेट बॉक्स में शराब का जखीरा डीएसटी को सूचना मिली थी कि ट्रेलर के अंदर शराब भरकर गुजरात की तरफ जा रही है। इस पर डीएसटी टीम ने भारत माला पर नाकाबंदी की। वाहनों की चैकिंग की गई। इस दौरान गुजरात की तरफ जा रहे ट्रेलर की जांच की गई। ट्रेलर पूरा खाली था। लेकिन अलग-अलग सीक्रेट बॉक्स बना रखे थे। जब कटर मशीन और हथोड़े से काटा गया। इसमें बीयर के केन भरे हुए मिले। इस पर टीम ने ट्रेलर को जब्त कर लिया। वहीं ड्राइवर गेनाराम (26) पुत्र आसुराम निवासी रतासर, बिजराड़ को पकड़ लिया। 5 लाख की शराब पकड़ी ट्रेलर को धनाऊ पुलिस थाना ले जाया गया। वहां पर बीयर केन को गिनती की गई। ट्रेलर बॉक्स में 2248 केन बीयर मिली। इसकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपए आंकी की गई है। बीयर केन को एक-एक करके अंदर भरा हुआ था। फिलहाल पुलिस पकड़े गए ड्राइवर से खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ कर रही है।