अजमेर के माकड़वाली स्थित चौरसियावास तालाब के पास मंगलवार को 15 फीट लंबे अजगर के दिखने से इलाके में हड़कंप मच गया। किसान के खेत में अजगर एक मोर को भी निगल गया। सूचना पर कोबरा टीम मौके पर पहुंची। उससे पहले ही अजगर झाड़ियों में गायब हो गया। खेत में काम कर रही महिलाएं डर के कारण काम छोड़कर चली गईं। तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। ग्रामीणों में बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। किसान जवादुद्दीन ने बताया कि चौरसियावास तालाब के पास उनके खेत हैं, जहां अक्सर छोटे सांप दिखाई देते हैं। मंगलवार को अचानक करीब 15 फीट लंबा भारी-भरकम अजगर दिखाई दिया, जो एक मोर को दबोचकर निगल रहा था। विशाल अजगर को देखते ही उन्होंने तुरंत अजमेर की कोबरा टीम को सूचना दी। सूचना पर कोबरा टीम के संस्थापक सुखदेव भट्ट अपनी टीम के साथ पुष्कर से करीब 15 मिनट में मौके पर पहुंच गए। हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही अजगर झाड़ियों का फायदा उठाकर गायब हो गया। आसपास के बिलों और झाड़ियों में काफी तलाश की गई, लेकिन अजगर नहीं मिला। 15 से 16 फीट लंबा इंडियन रॉक पायथन होने का अनुमान किसान ने बताया कि घटना के बाद खेत में मजदूरी कर रही महिलाएं डर के कारण काम छोड़कर चली गईं। आसपास रहने वाले ग्रामीण भी दहशत में हैं। लोगों का कहना है कि इलाके में छोटे बच्चे, गाय-भैंस और बकरियां हैं, ऐसे में अजगर के खुले में होने से हर समय खतरा बना हुआ है। रेस्क्यू विशेषज्ञ सुखदेव भट्ट ने बताया कि अजगर की लंबाई और मोटाई देखकर अनुमान है कि यह 15 से 16 फीट लंबा इंडियन रॉक पायथन है, जिसका वजन करीब 30 से 40 किलो हो सकता है। पिछले साल भी इसी इलाके में इसी आकार के अजगर को पकड़ने का प्रयास किया गया था, लेकिन ऊंची फसल का फायदा उठाकर वह निकल गया था। उन्होंने बताया कि चौरसियावास तालाब के आसपास इस प्रजाति के अजगरों का प्राकृतिक बसेरा है और यहां से पहले भी कई विशाल अजगरों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है।