अजमेर के कृष्णगंज थाना क्षेत्र के लोहागल रोड पर देर रात नकाबपोश बदमाशों ने पेट्रोल बम फेंककर कबाड़ी के गोदाम में आग लगा दी। घटना में गोदाम में रखा सामान और एक पिकअप जलकर राख हो गए। घटना में पीड़ित ने 20 लाख रुपए के नुकसान की बात कही है। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने 1 घंटे की कड़ी मश्क्कत के बाद आग पर काबू पाया। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। कृष्णगंज थाना पुलिस सीसीटीवी के आधार पर जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 2:45 बजे 4 से 5 नकाबपोश बदमाश गोदाम के बाहर पहुंचे। बदमाशों ने प्लास्टिक की थैलियों में पेट्रोल भरकर गोदाम और वहां खड़ी पिकअप पर फेंका और बाद में आग लगा दी। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में गोदाम में भीषण आग फैल गई। मामले की सूचना पर गोदाम मालिक परिवार सहित मौके पर पहुंचा। पुलिस और अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। देखिए, हादसे के PHOTOS… देर रात वारदात को दिया अंजाम पीड़ित अजहरुद्दीन ने बताया कि लोहागल गांव में उसकी करीब 900 गज जमीन पर कबाड़ का गोदाम बना हुआ है। बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे और उनके हाथों में पेट्रोल से भरी थैलियां थीं। आग लगाने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार आगजनी में गोदाम में रखा कबाड़ का सामान और पिकअप वाहन पूरी तरह जल गए, जिससे लगभग 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि करीब दो साल पहले भी उनके गोदाम में आग लगाने की घटना हुई थी, लेकिन उस समय सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने के कारण आरोपियों का पता नहीं चल सका था। कृष्णगंज थाना प्रभारी अरविंद चारण ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। आग पर काबू पा लिया गया है और पीड़ित की शिकायत के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गोदाम में लगे सीसीटीवी फुटेज में बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधकर आते हुए और पेट्रोल की थैलियां फेंककर आग लगाते साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। --- ये खबर भी पढ़ें… देर रात 2 दुकानों में लगी आग:जलते कचरे से भड़की,डीप फ्रीज समेत लाखों का सामान जलकर राख;1 घंटे में पाया काबू अजमेर के वैशालीनगर में देर रात 2 दुकानों में आग लग गई। जिससे लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली की मौके पर अफरा-तफरी मच गई। (पूरी खबर पढ़ें)