मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार शाम को उदयपुर पहुंचे। उनका विमान डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री शर्मा सीधे उदयपुर की पिछोला झील किनारे स्थित कालका माता नर्सरी के लिए रवाना हुए। यहां वे राज्य स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर इसका शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री चंदन वन की स्थापना के लिए पौधारोपण भी करेंगे। पर्यावरण संरक्षण का देंगे संदेश वन महोत्सव के तहत प्रदेशभर में अधिक से अधिक पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थल पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से करेंगे संवाद मुख्यमंत्री दूध तलाई के बाद शाम को हेलीकॉप्टर से झाड़ोल तहसील के बीड़ा गांव पहुंचेंगे। वहां के सरकारी स्कूल में आयोजित ग्राम विकास चौपाल में वे ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे और शनिवार रात गांव में ही विश्राम करेंगे। अगले दिन रविवार को सीएम उदयपुर लौटकर नारी शक्ति रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में 'नशा मुक्त युवा अभियान' से वर्चुअली जुड़ेंगे। इसके बाद कैलाशपुरी में भगवान श्री एकलिंगजी के दर्शन करेंगे। राजसमंद दौरे के बाद शाम को उदयपुर कृषि विश्वविद्यालय में अनुसूचित जनजाति परामर्शदात्री समिति की बैठक लेंगे। उदयपुर संभाग व सिरोही के कलेक्टरों और एसपी के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर रविवार शाम 7:30 बजे जयपुर लौटेंगे।