अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में मंगलवार को गैंगस्टर इमरान उर्फ मोगली ने हंगामा कर दिया। उसने जेलर सहित अन्य गैंगस्टर पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाते हुए बैरिक के गेट पर अपना सिर दे मारा। गंभीर हालत में गैंगस्टर को हथियार बंद जवानों के बीच कड़ी सुरक्षा में जेएलएन हॉस्पिटल ले जाया गया। इलाज के दौरान भी गैंगस्टर ने हंगामा खड़ा कर दिया। उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट समेत 38 से ज्यादा मुकदमे दर्ज है। डिमांड पूरी करने के लिए करता नौटंकी मामले में जेल अधीक्षक भंवर सिंह ने कहा कि बंदी इमरान उर्फ मोगली जयपुर सेंट्रल जेल में बंद था। वहां से श्रीगंगानगर जेल शिफ्ट किया गया था। मार्च महीने में ही श्रीगंगानगर से अजमेर शिफ्ट हुआ था। गैंगस्टर अपनी अवैध डिमांड पूरी करने के लिए नौटंकी करके अपने आप को नुकसान पहुंचाता है। पहले भी अपने नाखूनों से खुद को घायल कर चुका है। आज भी बैरिक पर सिर मार दिया और घायल हो गया। इसके बाद उसे हॉस्पिटल में इलाज के लिए भेजा है, जो आरोप लगाए गए उसकी जांच करवाई जाएगी। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान भी किया हंगामा हाई सिक्योरिटी जेल से हथियारबंद जवानों और सिविल लाइन कोतवाली थाना पुलिस की मौजूदगी में इलाज के लिए गैंगस्टर को ले जाया गया। इस दौरान उसने हंगामा खड़ा कर दिया। वह हाथ जोड़कर मदद की गुहार करने लग गया। हंगामा करते हुए गैंगस्टर ने कहा कि उसे जेलर, डकैत धन सिंह और गैंगस्टर बलवाराम सहित अन्य कैदी प्रताड़ित कर रहे हैं। उसे सुसाइड करने पर मजबूर किया जा रहा। जेल में डकैती धन सिंह सहित अन्य बदमाशों को सारी सुविधा दी गई है। मेरे साथ मारपीट कर पक्षपात किया गया है। वहीं घायल इमरान उर्फ मोगली पुलिस प्रशासन से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग करता रहा।