अजमेर के अलवर गेट थाना क्षेत्र स्थित कालू की ढाणी में गुरुवार को एक निर्माणाधीन मकान में अचानक छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में ठेकेदार सहित तीन लोग घायल हो गए। छत गिरने के साथ तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज सुन आसपास के लोग और मकान मालिक मौके पर एकत्र हो गए। घायल जेएलएन हॉस्पिटल में भर्ती हादसे में घायल संजय पुत्र लक्ष्मी नारायण, मुकेश पुत्र कन्हैयालाल और विजय पुत्र हरजी को तुरंत जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मकान मालिक इंदिरा देवी ने बताया कि मकान का निर्माण कार्य पिछले करीब दो महीने से चल रहा था। गुरुवार को अचानक कमरे की छत भरभराकर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे लोग उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।