अजमेर के अलवर गेट थाना क्षेत्र में गोदाम से भेजा गया मिलस्केल/आयरन डस्ट का माल रास्ते में गायब होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने ट्रेलर ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ललित खटाणा (नाका मदार निवासी) ने शिकायत देकर बताया- नारेली क्षेत्र में हाईवे के पास गोदाम है, जहां से वह मिलस्केल/आयरन डस्ट के माल का परिवहन करता है। 26 फरवरी 2026 को ट्रेलर(RJ-01-GD-2022) में माल भरकर भीलवाड़ा स्थित जिंदल कंपनी के लिए रवाना किया था। ट्रेलर ड्राइवर लालाराम गुर्जर उर्फ चैनाराम गुर्जर को तय अनुसार 16 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए, लेकिन वह माल लेकर गंतव्य तक नहीं पहुंचा। आरोपी लगातार बहाने बनाता रहा। इसके बाद में अज्ञात व्यक्तियों के जरिए पैसे की मांग करने लगा। धमकी देने का भी आरोप पीड़ित ने बताया- रुपए नहीं देने पर आरोपी ने माल बेचने और उसे जान से मारने तक की धमकी दी। यहां तक कहा गया कि गोदाम से उठाकर गायब कर देंगे और रास्ते में गाड़ियां भी रुकवा दी जाएंगी। पहले भी दी थी शिकायत पीड़ित ने 13 मार्च को अलवर गेट थाने में शिकायत दी, लेकिन मामला दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद न्यायालय में परिवाद पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर अलवर गेट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।