जयपुर में पुलिसकर्मी बनकर ठगी करने का मामला सामने आया है। बजाज नगर थाना क्षेत्र में दो शातिर बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक महिला को सुरक्षा का झांसा दिया और उसकी सोने की चेन व चूड़ियां बदलकर फरार हो गए। वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। बरकत नगर निवासी नीरज कुलश्रेष्ठ (53) बुधवार सुबह डॉक्टर को दिखाकर ई-रिक्शा से घर लौट रही थी। घर से करीब 100 मीटर पहले बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। दोनों युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि इलाके में लगातार चाकूबाजी और लूट की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कथित पुलिस पहचान पत्र भी दिखाया और महिला को सुरक्षा के लिए सोने की चेन और चूड़ियां उतारकर पर्स में रखने की सलाह दी। महिला ने घर पास ही होने की बात कही, लेकिन दोनों बदमाश नहीं माने। उन्होंने जेवरों की पुड़िया बनाकर पर्स में रखने का नाटक किया और इसी दौरान असली सोने के जेवर निकालकर उनकी जगह नकली चेन और आर्टिफिशियल चूड़ियां रख दीं। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। घर पहुंचते ही खुली ठगी की पोल घर पहुंचकर ताला खोलते समय महिला को शक हुआ। जब उन्होंने पर्स खोलकर देखा तो असली जेवर गायब थे और उनकी जगह नकली आभूषण रखे हुए थे। इसके बाद उन्होंने परिजनों को सूचना दी और पुलिस कंट्रोल रूम पर शिकायत दर्ज कराई। ईरानी गैंग की करतूत बजाज नगर थानाधिकारी रामधन मीणा ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी ईरानी गैंग के सदस्य हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। CCTV फुटेज के आधार पर तलाश जारी बजाज नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में दोनों संदिग्ध बदमाश नजर आए हैं। पुलिस उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।