अजमेर के कृष्णगंज थाना पुलिस ने सरकारी जमीन को अपनी बताकर बेचने और ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी डॉक्यूमेंट तैयार कर जमीन का सौदा किया और परिवादी से पैसे हड़प लिए। पुलिस के अनुसार, प्रसंद नगर कॉलोनी निवासी परिवादी रवि दाधीच ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी उगमा सिंह रावत ने ग्राम कोटड़ा स्थित सरकारी जमीन को अपनी बताकर उससे इकरारनामा व बेचाननामा कर लिया और पूरी रकम ले ली। आरोपी ने जमीन के कागजात जल्द देने का भरोसा भी दिलाया। निर्माण के दौरान खुला राज पीड़ित ने जब खरीदी गई जमीन पर साफ-सफाई कर निर्माण कार्य शुरू करवाने का प्रयास किया, तब उसे पता चला कि वह जमीन आरोपी के नाम कभी दर्ज ही नहीं रही। जांच में सामने आया कि जमीन सरकारी है और राजस्व रिकॉर्ड में नगर सुधार न्यास, अजमेर के नाम दर्ज है। फर्जी कागजात से किया सौदा पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर का झूठा दावा करते हुए खुद को जमीन का मालिक बताया और नोटरी के जरिए फर्जी इकरारनामा तैयार करवा दिया। जबकि संबंधित खसरा नंबरों की जमीन कभी भी उसके नाम नहीं रही। पुलिस गिरफ्तार आरोपी उग्मा सिंह रावत से पूछताछ में जुटी है।