अजमेर में एक युवती को उसके पूर्व लिव-इन पार्टनर द्वारा अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने बताया कि वह पहले आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह चुकी थी, लेकिन कुछ समय पहले संबंध खत्म कर अपने घर लौट आई थी। पीड़िता के अनुसार, संबंध के दौरान आरोपी ने उसके निजी फोटो और वीडियो बना लिए थे। अब आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए वे फोटो-वीडियो भेजकर उसे ब्लैकमेल कर रहा है। आरोपी उस पर दोबारा साथ रहने का दबाव बना रहा है और मना करने पर वीडियो वायरल कर जिंदगी खराब करने की धमकी दे रहा है। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे घर से उठाने की धमकी दे रहा है, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान है। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।