अजमेर के मदार में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 9 लाख लीटर क्षमता वाली पेयजल टंकी का वॉल (वाल्व) अचानक टूट गया। वॉल्व टूटते ही तेज दबाव के साथ फव्वारे की तरह पानी बाहर निकलने लगा। जानकारी के अनुसार टंकी में करीब 9 लाख लीटर पानी भरा था, जो वॉल्व टूटने से महज आधे घंटे में सड़कों पर बह गया। टंकी पूरी तरह खाली हो गई। टंकी से आज सुबह 7 बजे पानी की सप्लाई होनी थी, लेकिन वॉल्व में तकनीकी समस्या आने के कारण सप्लाई रोक दी गई थी। विभाग की ओर से 11 बजे पानी छोड़ने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान अचानक वॉल्व टूट गया और टंकी का पूरा पानी तेज बहाव से सड़कों पर बह गया। लोगों को तीन दिन बाद मिलता पानी इस टंकी से 10 से ज्यादा कॉलोनियों में पेयजल आपूर्ति की जानी थी। क्षेत्र के लोगों को रोटेशन के हिसाब से तीन दिन बाद पानी मिलने वाला था, लेकिन वॉल्व टूटने से पूरी सप्लाई प्रभावित हो गई। जिन घरों तक पानी पहुंचना था, वहां नलों में पानी नहीं आया, जबकि लाखों लीटर पानी सड़कों पर बहता रहा। घटना के दौरान पास के घरों में भी पानी घुस गया। राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ। वॉल्व में पहले भी आई थी समस्या सूचना मिलने पर निवर्तमान पार्षद सुनील धानका मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वॉल्व में समस्या पहले भी आ चुकी थी और इसी कारण पिछले दिनों भी पानी की सप्लाई प्रभावित हुई थी। बुधवार को लोगों को तीन दिन बाद पानी मिलने की उम्मीद थी, लेकिन वॉल्व टूटने से पूरा कार्यक्रम बिगड़ गया। अब गुरुवार को मिलेगा पानी जलदाय विभाग की एक्सईएन निशा मीना ने बताया कि सूचना मिलते ही अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। क्षतिग्रस्त वॉल को बदलने और मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। विभाग ने गुरुवार को प्रभावित क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बहाल करने की संभावना जताई है।