अजमेर के कृष्णगंज थाना क्षेत्र के पंचशील स्थित शॉपिंग मॉल डी-मार्ट में बुधवार रात करीब साढ़े 8 बजे कार की चपेट में आने से एक युवती की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब ड्राइवर मधुसूदन पालबीसला अपनी इलेक्ट्रिक कार को स्टार्ट कर रहा था। कार अचानक दौड़ पड़ी और मॉल के बाहर ट्रॉली लेकर जा रही सरिता कंवर राठौड़ (25) उसकी चपेट में आ गई। कार करीब 12 फीट तक सरिता को घसीटती हुई मॉल के सामने दीवार से जा टकराई। इस दौरान कार ड्राइवर और उसकी पत्नी को भी हल्की चोट आई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। हादसे में घायल हुई सरिता को जेएलएन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एएसआई अर्जुन ने बताया कि महिला वैशाली नगर की एक स्टील दुकान में काम करती थी और मूलतः सांचौर की रहने वाली थी। वह अजमेर में रह रही थी। उसकी पहचान मोबाइल कॉल से हुई। सूचना के बाद उसका भाई भी अस्पताल पहुंचा। सरिता के शव का आज (गुरुवार) को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने डी-मार्ट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। छुट्टियों में मिलने आया छोटा भाई चार बहन-भाइयों में सरिता मंझली थी। सरिता का छोटा भाई महिपाल सिंह एयरफोर्स में है। वह उदयपुर से बहन सरिता के पास लौट रहा था, लेकिन अजमेर पहुंचते ही उसे बहन की मौत की सूचना मिली तो वह टूट गया। अस्पताल के बाहर महिपाल सिंह विलाप करता रहा। परिचित उसको ढांढस बंधाते रहे।