अजमेर जिले में एक विवाहिता ने दो युवकों पर किडनैप कर गैंगरेप करने, जबरन शादी के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाने और नकदी-जेवर लूटने का आरोप लगाया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने गैंगरेप, किडनैप, धमकी और लूट सहित अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार-पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि एक आरोपी काफी समय से उसे सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था। आरोप है कि दिसंबर 2025 में आरोपी रात के समय उसके घर पहुंचा और जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ रेप किया। घटना के बाद आरोपी लगातार धमकियां देकर शादी करने का दबाव बनाता रहा। रिपोर्ट में बताया गया कि जून 2026 को पीड़िता दवा लेकर लौट रही थी। इस दौरान आरोपी अपने साथी के साथ कार में आए और कथित रूप से उसका किडनैप कर लिया। आरोप है कि बेहोशी की हालत में उसे एक वकील के ऑफिस ले जाकर जबरन कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए। इसके बाद होटल में ले जाकर दोनों आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ रेप किया और जबरन शादी होने की बात कही। पीड़िता ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके पास रखी 10 हजार रुपए की नकदी और करीब तीन तोला सोने का मंगलसूत्र, सोने के कानों के आभूषण और एक जोड़ी पायजेब भी छीन ली। अगले दिन परिजनों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच सीओ स्तर के अधिकारी को सौंप दी है।