अजमेर में नाबालिग को शादी के लिए बेचने और गैंगरेप करवाने की आरोपी 2 महिलाओं के घर तोड़े गए। सरकारी जमीन पर बने अवैध मकानों को नगर निगम टीम ने हथौड़े और ड्रिल मशीन से ध्वस्त किया। इस दौरान मौके पर 100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहे। प्रशासन का कहना है कि ये निर्माण बिना किसी स्वीकृति, रजिस्ट्री और वैध दस्तावेज के पाए गए थे। नोटिस देने और जवाब संतोषजनक नहीं मिलने के बाद कार्रवाई की गई। बता दें कि 13 जून को ह्यूमन ट्रैफिकिंग और नाबालिग से गैंगरेप का मामला सामने आया था। 16 साल की पीड़ित को मां की परिचित एक महिला घुमाने के बहाने पुष्कर के होटल में ले गई थी। वहां अपने दो साथियों को बुला लिया। जहां दोनों ने उसके साथ रेप किया। बाद में कुछ महिलाओं ने 32 हजार रुपए लेकर चूरू में 42 साल के व्यक्ति से उसकी शादी करा दी। आरोपी व्यक्ति ने करीब 7 महीने तक उसे बंधक बनाकर रखा। मामले में पुलिस ने 4 महिलाओं समेत कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नगर निगम की जमीन पर बने थे अवैध निर्माण एडिशनल एसपी हिमांशु जांगिड़ ने बताया- ह्यूमन ट्रैफिकिंग और नाबालिग से गैंगरेप के मामले में आरोपी 2 महिलाओं के अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की गई है। जांच में सामने आया कि मकान सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बने पाए गए थे। इसी आधार पर नगर निगम के सहयोग से इन्हें ध्वस्त किया जा रहा है। एक अन्य अवैध निर्माण भी चिह्नित किया गया है। इस पर भी कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों में कानून का डर पैदा करना और अवैध संपत्तियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करना प्रशासन की प्राथमिकता है। नोटिस जारी किया था, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी रमेश चौधरी ने बताया- दरगाह थाना पुलिस से प्राप्त पत्र के बाद जांच कराई गई थी। जांच में 2 आरोपी महिलाओं के मकान वन विभाग, नगर निगम और अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) की सरकारी भूमि पर बिना किसी स्वीकृति या दस्तावेज के बने पाए गए। इसके बाद मकान मालिक को नियमानुसार नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद इन मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई। पहाड़ी क्षेत्र के अन्य अवैध निर्माणों का भी होगा सर्वे रमेश चौधरी ने बताया- पहाड़ी क्षेत्र में अन्य अवैध निर्माणों का भी सर्वे कराया जाएगा। बारिश के मौसम में ऐसे निर्माणों से भूस्खलन और जनहानि की आशंका को देखते हुए कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सरकारी भूमि पर अवैध रूप से दिए गए बिजली और पानी के कनेक्शन काटने के लिए संबंधित विभागों को भी पत्र भेजा जाएगा। ये खबर भी पढ़ें… नाबालिग को गैंगरेप के बाद 32 हजार में बेचा:42 साल के व्यक्ति से शादी कराकर 7 महीने तक बंधक बनाकर रखा अजमेर पुलिस ने नाबालिग को गैंगरेप के बाद 32 हजार में बेचने और जबरन शादी कराने के मामले का शुक्रवार को खुलासा किया है। पुलिस ने 16 साल की लड़की को चूरू से दस्तयाब किया। पीड़िता से पूछताछ के बाद तीन महिलाओं समेत एक युवक को गिरफ्तार किया है। (पूरी खबर पढ़ें)