अजमेर के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में चार दिन से लापता 12 साल के बच्चे का शव बुधवार सुबह घर से करीब एक किलोमीटर दूर नाड़ी में तैरता मिला। ग्रामीण ने शव देखा तो गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाड़ी से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को जेएलएन अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया गया। मृतक की पहचान बड़ल्या गांव निवासी महेंद्र (12) पुत्र शेखी सिंह रावत के रूप में हुई। महेंद्र 16 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे मां को खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने 17 अक्टूबर को आदर्श नगर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस बच्चे की तलाश में जुटी थी। 16 अक्टूबर को घर से निकला, फिर नहीं लौटा परिजनों के अनुसार, महेंद्र 16 अक्टूबर को घर से खेत पर जाने के लिए निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं आने पर उसकी तलाश शुरू की गई। कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिवार ने अगले दिन पुलिस को सूचना दी। पुलिस आसपास के हाईवे और ग्रामीण इलाकों में बच्चे की तलाश कर रही थी। इसी बीच बुधवार सुबह घर से करीब एक किलोमीटर दूर नाड़ी में उसका शव मिल गया। परिवार को कोई शक नहीं मामले में आदर्श नगर थाना प्रभारी ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि बच्चा तीन-चार दिन से लापता था। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। बुधवार सुबह नाड़ी में शव तैरता मिला। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में जांच जारी है। परिजनों ने फिलहाल किसी पर शक नहीं जताया है।