अजमेर नगर निगम में काम करने वाले 2400 अस्थाई कर्मचारी आज से हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मांगे पूरी नहीं होने तक हड़ताल जारी रहेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। कर्मचारियों ने अपनी मांगों में समय पर वेतन देने, 500 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से मजदूरी देने और गर्मीयों में बह 6 बजे से 11 बजे तक एक पारी में ड्यूटी लगाने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। बतादें, नगर निगम के ये अस्थाई सफाई कर्मचारी शहर के 42 वार्डों और मुख्य सड़कों पर रोजाना सफाई व्यवस्था संभालते हैं। हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। कर्मचारी नेता सनी गोयल ने बताया कि अजमेर में करीब 2400 अस्थाई सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं। सभी कर्मचारी मंगलवार सुबह अपनी नियमित सेवाएं देने के बाद हड़ताल पर चले गए। कर्मचारियों ने निगम परिसर में प्रदर्शन कर अपनी मांगों को प्रशासन के सामने रखा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कर्मचारियों को हर महीने की 20 तारीख तक वेतन मिलता है, जिससे आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में कर्मचारियों की मांग है कि हर महीने 1 से 10 तारीख के बीच वेतन दिया जाए। इसके अलावा हीटवेव और तपती गर्मी में दो पारियों में काम करना मुश्किल है, ऐसे में सुबह 6 से 11 बजे तक ही ड्यूटी लगाई जाए। वहीं कर्मचारियों ने नए टेंडर में प्रतिदिन 500 रुपए मजदूरी दिए जाने की मांग की है। अपनी मांगों को लेकर कर्मचारियों ने निगम के पुराने भवन पर धरना देकर प्रदर्शन किया।