अजमेर की नसीराबाद सदर थाना पुलिस ने मंदिर में हुई चोरी का महज 8 घंटे में खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2.5 किलोग्राम वजनी और 5 फीट लंबा चांदी का छत्र (छड़ी) और चोरी किए गए महाराज के वस्त्र बरामद किए हैं। मामले का खुलासा गुरुवार को जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने किया। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि 15 जुलाई को नसीराबाद सदर थाना क्षेत्र के रामपुरा निवासी चतर सिंह राठौड़ ने थाने में एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, गांव के प्रसिद्ध तेजाजी धाम मंदिर में 13-14 जुलाई की दरमियानी रात को चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए थे। चोर मंदिर के गर्भगृह से करीब ढाई किलो वजनी और 5 फीट लंबा चांदी का छत्र, दानपात्र का पीतल का पाइप और महाराज के वस्त्र चोरी कर फरार हो गए थे। यह पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई थी। CCTV फुटेज के आधार पर चोर को पकड़ा मामला दर्ज होने के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस टीम ने सबसे पहले घटना स्थल का मुआयना किया। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दिखे संदिग्ध और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर उर्फ नानू (31), निवासी नसीराबाद को पहचान की। महज 8 घंटे के भीतर उसे धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी गया करीब ढाई किलो वजनी चांदी का छत्र और तेजाजी महाराज के वस्त्र बरामद कर लिए हैं। यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) केकड़ी और वृत्ताधिकारी (CO) नसीराबाद के कुशल निर्देशन में नसीराबाद सदर थाना पुलिस की टीम द्वारा अंजाम दी गई है।