अजमेर SP ऑफिस में दोनों पक्षों के वकीलों और परिजनों में जमकर लात-घूंसे चले। आधे घंटे तक हंगामा होता रहा। पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया। मौके से दो युवकों को हिरासत में लिया है। दरअसल, एक नवविवाहित जोड़ा वकील और परिजन के साथ सुरक्षा मांगने पहुंचा था। इस दौरान दोनों पक्षों के वकीलों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। थोड़ी ही देर में दोनों पक्षों के परिजनों में भी लात-घूंसे चलने लगे। मामला सोमवार दोपहर करीब 2 बजे का है। हंगामे की सूचना पर एडिशनल एसपी खान मोहम्मद, सीओ शिवम जोशी और सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। पहले देखें घटना की PHOTO'S… 6 महीने पहले दोनों ने की थी शादी जानकारी के अनुसार- 1 दिसंबर 2025 को अलग-अलग समाज के युवक और युवती ने चोरी-छिपे शादी कर ली। दोनों अपने-अपने घर चले गए। इसके बाद 7 मई को दोनों फरार हो गए। इस पर लड़की के भाई ने 8 मई को क्लॉक टावर थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने बताया- श्रीनगर गांव के एक युवक ने अजमेर शहर की युवती से लव मैरिज की थी। सुरक्षा की मांग को लेकर सोमवार को दोनो SP ऑफिस पहुंचे थे। सूचना मिलते ही लड़की के परिजन SP ऑफिस पहुंच गए। परिजनों ने लड़की को समझाने का प्रयास किया तो माहौल गरमा गया। इसके बाद दोनों पक्षों की तरफ से आए वकील भी भिड़ गए। युवती के भाई ने कहा-वकील ने पहले पिता को मारा थप्पड़ लड़की के भाई ने बताया- मेरी बहन 5 दिन से मिसिंग थी। मैंने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार को बहन को लेने आया था। इस दौरान दूसरे पक्ष के एक एडवोकेट ने मेरे पिताजी को थप्पड़ मार दिया। मेरी बुआ को भी वकील ने अपशब्द कहे। पुलिस अभय कमांड सेंटर के CCTV देख रही सीओ शिवम जोशी ने बताया- सूचना मिली थी कि कुछ वकील अपने क्लाइंट को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे थे। तभी वकील पक्ष में अपने क्लाइंट को लेकर आपस में कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई। सीओ ने बताया-सूचना मिलने पर पुलिस एसपी कार्यालय पहुंची। मामले को लेकर अभय कमांड में लगे सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।