अजमेर शहर के उत्तर और दक्षिण हिस्से को जोड़ने वाली और लंबे समय से विवाद में रही उत्तर-दक्षिण सड़क का निर्माण अब पूरा कराया जाएगा। अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) की ओर से सेशन कोर्ट चौराहे से सीआरपीएफ ब्रिज तक 2.1 किलोमीटर लंबी सड़क और डिवाइडर का निर्माण होगा। इस परियोजना पर 2.36 करोड़ रुपए खर्च होंगे। अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल ने शनिवार सुबह सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। निर्माण कार्य करीब आठ महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। आधी सड़क बनने से शुरू हुआ था विवाद यह सड़क पिछले साल उस समय विवाद में आ गई थी, जब पीडब्ल्यूडी ने सेशन कोर्ट चौराहे से सीआरपीएफ ब्रिज तक केवल उत्तर विधानसभा क्षेत्र की तरफ सड़क का निर्माण कराया, जबकि दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की तरफ का हिस्सा जर्जर हालत में छोड़ दिया गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा और मामला राजनीतिक स्तर पर भी उठा। सरकार ने इस संबंध में रिपोर्ट भी तलब की थी। डिप्टी सीएम की बैठक में उठाया गया मुद्दा हाल में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी की बैठक में विधायक अनिता भदेल ने इस मामले को उठाया। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी ने एडीए को पूरे मार्ग की बजाय केवल आधी सड़क के निर्माण की एनओसी दी थी, जिससे पूरा मार्ग विकसित नहीं हो सका। इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पूरे मार्ग का विकास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सड़क के साथ डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट और सौंदर्यीकरण भी शिलान्यास के दौरान विधायक अनिता भदेल ने बताया कि परियोजना में केवल सड़क निर्माण ही नहीं, बल्कि डिवाइडर का पुनर्निर्माण भी किया जाएगा। डिवाइडर को पहले से चौड़ा बनाया जाएगा और उस पर ऊंची स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। साथ ही डिवाइडर पर किशनगढ़ की तर्ज पर लंबे पेड़ लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ ब्रिज की दोबारा कारपेटिंग कराई जाएगी और ब्रिज की रेलिंग पर भी रंग-रोगन कराया जाएगा। पूरे शहर को मिलेगा लाभ विधायक ने कहा कि इस मार्ग से कोर्ट परिसर, केंद्रीय बस स्टैंड, कुंदन नगर रोड और डीआरएम कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। अजमेर मंडल से आने वाले लोगों के लिए भी यह मार्ग सुगम होगा। उन्होंने कहा कि सड़क बनने के बाद यह शहर की प्रमुख प्रवेश सड़कों में शामिल होगी। अनिता भदेल ने सड़क निर्माण के लिए बजट उपलब्ध कराने पर एडीए का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पहले एडीए ने पूरे मार्ग के निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी से एनओसी मांगी थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के कारण काम पूरा नहीं हो सका। उपमुख्यमंत्री के समक्ष मामला रखने के बाद दोबारा अनुमति मिली और अब पूरे मार्ग का निर्माण शुरू हो रहा है। इन क्षेत्रों को मिलेगा फायदा सड़क निर्माण पूरा होने के बाद केंद्रीय बस स्टैंड के पीछे स्थित कुंदन नगर रोड सहित आसपास के रिहायशी इलाकों के लोगों को जर्जर सड़क और गड्ढों से राहत मिलेगी। साथ ही शहर के उत्तर और दक्षिण हिस्से के बीच यातायात अधिक सुगम और व्यवस्थित हो सकेगा। यह खबर भी पढ़ें….. बीजेपी विधायकों के बीच अनबन में बंटी सड़क:* अजमेर में देवनानी के काम पर भदेल ने उठाए सवाल, कहा-मैंने पूरी सड़क बनाई, यह उनकी सोच है