अजमेर जिला पुलिस ने शुक्रवार को अवैध मादक पदार्थ और हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया। एक ओर जहां डोडा-पोस्त की बड़ी खेप पकड़ी गई, वहीं दूसरी ओर एक युवक को अवैध देशी पिस्टल के साथ दबोचा गया। नसीराबाद सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8.625 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा-पोस्त के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्त अभियान के तहत की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामेश्वर लाल उर्फ कैलाश (35) निवासी रायता, थाना जायल, जिला नागौर के रूप में हुई है। पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा और उसके कब्जे से डोडा-पोस्त जब्त किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि मादक पदार्थ के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। अवैध पिस्टल के साथ युवक दबोचा सिविल लाइन थाना क्षेत्र में जिला स्पेशल टीम और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी हथियार लेकर घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है। इस पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सैफअली (20) निवासी लोहारान क्षेत्र को दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल बरामद की गई है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।