अजमेर शहर में बिना अनुमति सड़क की खुदाई करने के मामले में पीडब्ल्यूडी ने सख्त कार्रवाई करते हुए मशीन ऑपरेटर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। स्थानीय लोगों की शिकायत और पहले से थाने को दी गई सूचना के बाद सोमवार रात पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क खोदने के काम को रुकवाया। इसके बाद ऑपरेटर को गंज थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मामले में पीडब्ल्यूडी की ओर से लिखित शिकायत भी दी गई है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीडब्ल्यूडी नगर खंड अजमेर के अधिशासी अभियंता विपिन कुमार जिंदल ने गंज थाना प्रभारी को दी शिकायत में बताया कि मेसर्स एयरटेल लिमिटेड को पूर्व में केवल रोड कटिंग की अनुमति दी गई थी, लेकिन वर्तमान में कंपनी के पास किसी भी प्रकार की वैध अनुमति नहीं है। इसके बावजूद कंपनी की ओर से अद्वैत आश्रम से रामनगर पंचोली चौराहा मार्ग पर सड़क की खुदाई कराई जा रही थी। बरसात के मौसम में सड़क खोदने से जनसुविधा प्रभावित होने और दुर्घटना की आशंका भी जताई गई। शिकायत में कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों और मशीन ऑपरेटर के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है। पीडब्ल्यूडी ने शिकायत की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, अधीक्षण अभियंता और अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) को भी भेजी है। थाना प्रभारी बोले- रिपोर्ट पर जांच शुरू गंज थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि पीडब्ल्यूडी अधिकारी की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। सोमवार रात सड़क खुदाई कर रहे एक मशीन ऑपरेटर को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। अब पीडब्ल्यूडी की रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।