हमारे सिस्टम में सड़कों का भी वोटर लिस्ट में नाम होना चाहिए, क्योंकि यहां सड़क भी पूरी नहीं बनती। पहले देखा जाता है कि वह किस विधानसभा क्षेत्र में आती है। अजमेर की एक सड़क इसका जीता-जागता उदाहरण है। आधी सड़क अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आती है, जो विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का क्षेत्र है। उनकी सिफारिश पर यहां की सड़क चमचमाती बन गई। लेकिन उन्हीं की पार्टी की विधायक अनीता भदेल के क्षेत्र अजमेर दक्षिण में आने वाली सड़क पर गड्ढे, धूल और टूट-फूट जनता की किस्मत बन गई। सड़क वही, जनता वही, टैक्स वही, बस विधानसभा क्षेत्र बदलते ही विकास भी रुक गया। यही है हमारा सिस्टम, जहां सड़क भी पहले राजनीति देखती है, फिर विकास। इस विकास पर अब भाजपा विधायक अनीता भदेल ने सवाल भी उठा दिया है। भदेल ने कहा कि इस पर मैं विवाद नहीं करना चाहती, लेकिन रोड एक ही है। मेरे विधानसभा क्षेत्र के केसरगंज में जब मेरे विधायक कोटे से सड़क बनाई गई, तब उत्तर और दक्षिण, दोनों ओर की सड़क बनाई थी। अब जिन्होंने भी यह सड़क बनाई है, उनकी सोच है यह। दरअसल, अजमेर के मेन बस स्टैंड से कुंदन नगर स्थित CRPF ब्रिज तक इस दो किलोमीटर लंबी सड़क का बायां हिस्सा अजमेर उत्तर और दायां अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में आता है। उत्तर के विधायक और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की अनुशंसा पर पीडब्ल्यूडी ने एक तरफ की मौजूदा सड़क को उखाड़ कर नई सड़क बनाई दी। व्हाइट लाइनिंग भी कर दी गई। एक तरफ के सड़क निर्माण पर 1.36 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। 1.36 करोड़ की यह राशि विधानसभा क्षेत्र अजमेर उत्तर की दो सड़कों के लिए स्वीकृति की गई थी, जिसे कैंसिल कर इस सड़क के लिए पीडब्ल्यूडी को दी गई। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से बजट नहीं मिलने पर दूसरी ओर सड़क नहीं बनी। बस स्टैंड से कुंदन नगर की तरफ जाते समय सड़क का लेफ्ट वाला भाग उत्तर और राइट वाला हिस्सा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में आता है। विधानसभा क्षेत्र अजमेर दक्षिण से अनीता भदेल विधायक हैं। सड़क से गुजरते हैं 50 हजार लोग इस सड़क से रोजाना करीब 50 हजार लोग गुजरते हैं। अजमेर उत्तर को जोड़ने के साथ ही यह अजमेर दक्षिण, ब्यावर, नसीराबाद के लिए भी प्रमुख सड़क है। इस सड़क की स्वीकृति 2023-2024 में जारी हुई थी। सड़क की 7 मीटर की चौड़ाई में डामरीकरण किया गया। एक तरफ सड़क बनने और दूसरी तरफ नहीं बनने से यह दो भागों में बंट कर ऊंची-नीची हो गई है। दक्षिण की सड़क क्षतिग्रस्त होने से लोगों को परेशानी का सामाना करना पड़ रहा है। सीआरपीएफ ब्रिज के पास डिवाइडर और सड़क का लेवल एक हो गया। वाहनों के फिसलकर दूसरी लेन में जाने का खतरा रहता है। डिवाइडर भी टूटे हैं। रोड लाइटें भी नहीं जलती। पानी की लाइन से टूटी थी उत्तर की सड़क स्पीकर देवनानी ने 6 सितंबर 2025 को बस स्टैंड से सीआरपीएफ ब्रिज तक सड़क पुनर्निर्माण का शिलान्यास किया था। सड़क का निर्माण नवंबर 2025 में पूरा हुआ था। पीडब्ल्यूडी ने डामर लेयर को 50 एमएम तक उखाड़ कर नए सिरे से यह सड़क बनाई। दरअसल, उत्तर की सड़क पेयजल लाइन डालने के कारण अधिक क्षतिग्रस्त हो गई थी। नए बजट से होगा काम पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन विपिन जिंदल ने कहा कि लेफ्ट साइड वाली सड़क विधानसभा क्षेत्र उत्तर में आती है। राइट साइड वाली सड़क विधानसभा क्षेत्र दक्षिण में है। इसकी कोई भी योजना में स्वीकृति नहीं होने के कारण सड़क निर्माण कार्य नहीं हो पाया। 2026-27 के तहत वर्तमान में जारी हुए बजट में अब यह सड़क बनाई जाएगी। सड़क को उत्तर-दक्षिण में बांटना गलत साल 2023 में हुए राजस्थान विधानसभा चुनाव में अजमेर दक्षिण से कांग्रेस की प्रत्याशी रहीं द्रौपदी कोली ने कहा कि राजस्थान और सेंट्रल, दोनों जगह बीजेपी की सरकार है। अजमेर उत्तर और दक्षिण में भी बीजेपी के विधायक हैं। लेकिन सड़क निर्माण के दौरान उत्तर की सड़क बनाकर दक्षिण की छोड़ देना पूरी तरह गलत है। सड़कों को उत्तर-दक्षिण में नहीं बांटना चाहिए। ……………… यह खबर भी पढ़िए भाजपा विधायक बोलीं- पूरा सिस्टम जंग खा गया है:विधानसभा स्पीकर और मंत्री बात करने लगे तो कहा- हम चले जाते हैं, आप बातचीत कर लो अजमेर में भाजपा विधायक अनीता भदेल ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के सामने कहा- पूरा सिस्टम जंग खा गया है। सरकारी विभागों में धक्का मारे बिना कोई काम नहीं होता है। (पढ़िए पूरी खबर)