अजमेर नगर निगम के करीब 2400 अस्थाई सफाई कर्मचारी हड़ताल पर उतर चुके हैं। कर्मचारियों का हड़ताल का आज दूसरा दिन है। कर्मचारियों ने बुधवार को भी निगम की पुरानी बिल्डिंग परिसर में गेट मीटिंग कर प्रदर्शन किया। इसके साथ ही निगम के स्वास्थ्य अधिकारी को विज्ञापन दिया गया। अस्थाई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर की कुछ सड़कों और वार्डों से सफाई नहीं की गई। कर्मचारी नेता सनी गोयल ने आरोप लगाया कि ठेकेदार समय पर वेतन नहीं देते और कई बार काम के बावजूद कटौती कर दी जाती है। फरवरी में हड़ताल के दौरान सफाई कर्मचारी के पदाधिकारियों की कलेक्टर लोकबंधु से हुई वार्ता में ठेकेदार को वेतन भुगतान समय पर करने के लिए पाबंद किया गया था। इसके बावजूद ठेकेदार पालना नहीं कर रहा है। कर्मचारियों का वेतन अटका हुआ है। पुराना ठेका खत्म होने के बाद निगम ने नया टेंडर नहीं खुला है। पुराने ठेकेदारों से ही काम कराया जा रहा है। बुधवार को स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन देकर मांगों से अवगत करवाया है। जब तक मांगों पर कोई सहमति नहीं होगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा।