बांसवाड़ा-डूंगरपुर सांसद राजकुमार रोत ने कहा- 309 BAP कार्यकर्ताओं का कांग्रेस से जुड़ने का दावा गलत हैं, 2-3 गए होंगे। कुछ लोग आदिवासी क्षेत्रों से लोगों को जयपुर ले जाकर गहलोत-डोटासरा के सामने सदस्यता दिलवा कर अपना वजूद बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। रोत ने फर्जी डिग्री से टीचर बनने के मामले पर भी BAP विधायक जयकृष्ण पटेल का बचाव करते हुए कहा- विधायक से छोटी-मोटी गलती हुई होगी, विपक्ष के लोग मानसिक टॉर्चर कर फंसा रहे हैं। दरअसल, सांसद राजकुमार रोत संयुक्त राष्ट्र के आदिवासी अधिकारों पर विशेषज्ञ तंत्र कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद स्विट्जरलैंड के जिनेवा से शनिवार को बांसवाड़ा लौटे थे। यहां लौटकर उन्होंने मीडिया से बात की। पहली बार बांसवाड़ा पहुंचे सांसद राजकुमार रोत का एमपी-राजस्थान सीमा के बारी घाटा, दानपुर, छोटी सरवन, कटुम्बी, नापला, पाड़ला चौकी, शहर में राजा बांसिया चरपोटा मूर्ति स्थल और माही कॉलोनी स्थित सांसद सुविधा केंद्र पर बीएपी कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया। सूची सार्वजनिक करे कांग्रेस सांसद राजकुमार रोत ने कांग्रेस नेता महेंद्रजीत सिंह मालवीया के 309 बीएपी कार्यकर्ताओं को जयपुर ले जाकर कांग्रेस में शामिल कराने के दावे को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने खुली चुनौती देते हुए कहा कि 309 लोगों की सूची सार्वजनिक की जाए। रोत ने कहा कि जिन लोगों की बात की जा रही है, उनमें बीएपी के केवल 2 से 3 कार्यकर्ता थे, जिन्हें कुछ समय पहले ही पार्टी से निष्कासित किया जा चुका था। बोले- छोटी-मोटी गलती का माहौल बनाया जा रहा बागीदौरा विधायक जयकृष्ण पटेल के फर्जी डिग्री मामले पर सांसद राजकुमार रोत ने कहा कि विधायक बनने के बाद से ही उनके खिलाफ लगातार साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले एसीबी ट्रैप के जरिए फंसाने की कोशिश की गई और अब फर्जी डिग्री का मामला सामने लाया जा रहा है। रोत ने कहा- एसीबी ट्रैप कराने वाला कौन था? वह भाजपा का विधायक प्रत्याशी रहा है। आज भी वह भाजपा का मंडल अध्यक्ष है। यह पूरी कार्रवाई पहले से बनाई गई साजिश का हिस्सा थी। हमारे विधायक को योजनाबद्ध तरीके से फंसाया गया। हो सकता है हमारे विधायक से कोई छोटी-मोटी गलती हुई हो, लेकिन जिस तरह से माहौल बनाया जा रहा है और उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है, वह सही नहीं है। बागीदौरा की जनता ने उन्हें जनादेश दिया है और विपक्ष उसी जनादेश के खिलाफ उनके खिलाफ षड्यंत्र रचने का काम कर रहा है।" कांग्रेस पर लगाए राजनीतिक आरोप राजकुमार रोत ने पूरे घटनाक्रम को हाई-प्रोफाइल ड्रामा बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता आदिवासी बहुल क्षेत्र के लोगों को जयपुर ले जाकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा की मौजूदगी में सदस्यता दिलवाकर अपना वजूद बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। …………………… इस मुद्दे से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… डोटासरा का गहलोत पर तंज, खुद की ब्रांडिंग उनको मुबारक:बोले-व्यक्तिवाद का नुकसान कांग्रेस ने झेल लिया, एक बार सरकार में आते हैं फिर नहीं आते डोटासरा बोले-मुझे ऐरे-गैरे नत्थू खैरों से सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं:कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष का तंज- ऐरे-गैरे कुछ बन जाते हैं, तो पागल हो जाते हैं राजस्थान-विधायक पर फर्जी डिग्री से शिक्षक बनने का आरोप, केस दर्ज: SOG करेगी जांच; पहले भी रिश्वत लेते गिरफ्तार हुए, 3 महीने जेल में रहे