अजमेर में सोमवार देर रात को अलग-अलग थाना इलाकों में चोरों ने दो सूने मकानों पर धावा बोल दिया। पहली वारदात रामगंज थाना क्षेत्र के ब्यावर रोड पर हुई, जहां बेटे के ऑपरेशन के लिए पूरा परिवार जयपुर गया हुआ था, पीछे से चोरों ने डेढ़ लाख रुपए की नकदी के साथ करीब 28 लाख रुपए के आभूषण पार कर लिए। जबकि, दूसरी वारदात अलवर गेट थाना क्षेत्र के मदार रेलवे यार्ड के पास हुई, जहां 28 हजार रुपए की नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। बेटे के ऑपरेशन के लिए जयपुर गया था परिवार, पीछे से घर साफ रामगंज थाना क्षेत्र के ब्यावर रोड निवासी उदय सिंह ने बताया कि बेटे के ऑपरेशन के सिलसिले में पूरा परिवार जयपुर गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे करीब 12 तोला सोने के आभूषण, 3 किलो चांदी और डेढ़ लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए। चोरी हुए माल की अनुमानित कीमत करीब 28 लाख रुपए बताई गई है। घर लौटने पर घटना का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी। बेटी के ससुराल गई थी महिला, बेटे के लौटने पर ताले टूटे मिले दूसरी घटना अलवर गेट थाना क्षेत्र के मदर रेलवे यार्ड के पास हुई। पीड़िता मंजू देवी ने बताया कि वह बेटी के ससुराल गई हुई थी, जबकि बेटा नाइट शिफ्ट में काम पर गया था। सुबह जब बेटा घर लौटा तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले। सूचना मिलने पर वह घर पहुंची तो अंदर रखे 28 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवर गायब मिले। चोरी हुए सामान की कीमत करीब एक से डेढ़ लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस जुटी जांच में दोनों मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से शहरवासियों में दहशत का माहौल है।