अजमेर के गेगल थाना क्षेत्र के टोल नाके पर बुधवार रात एक कार को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार पांच लोग और नाके पर खड़े दो टोलकर्मी घायल हो गए। सूचना पर गेगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस से पांच घायलों को किशनगढ़ के यज्ञनारायण अस्पताल भेजा गया। बाद में जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। दो अन्य घायल टोलकर्मियों को भी जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। एएसआई मोइनुद्दीन ने बताया कि कार चालक टोल चुकाने के लिए अपनी कार नाके पर रोक रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक कार से टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक टोल केबिन से भी टकरा गया। हादसे के बाद टोल नाके पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाया।