अजमेर के हाथीखेड़ा स्थित 'यूनिक आवास' (यूबी) बिल्डिंग में देर रात सुरक्षा गार्ड की लाठी-डंडों और पत्थरों से बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। सोसाइटी के लोगों ने सोमवार को हरिभाऊ नगर थाने पहुंचे। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव किया। वारदात से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी गार्ड के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने इस वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है। सोसाइटी निवासी काजल ने बताया-घटना रात करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच की है। कॉरिडोर से अचानक शोर-शराबे और चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनकर जब वे बाहर पहुंचे, तो देखा कि कुछ लोग सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड लादूराम चौहान पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर रहे थे। आरोप है कि हमलावर गार्ड को घसीटते हुए कम्युनिटी हॉल के पास ले गए और वहां भी उसे बेरहमी से पीटा गया। पार्किंग को लेकर टोकने पर भड़के आरोपी पीड़ित गार्ड लादूराम चौहान ने बताया कि वह पिछले करीब एक साल से इस सोसाइटी में रात 7 बजे से सुबह 7 बजे तक ड्यूटी कर रहे हैं। रविवार देर रात उन्होंने सोसाइटी परिसर में फोर-व्हीलर वाहनों के प्रवेश और पार्किंग को लेकर टोका, तो फ्लैट संख्या सी-320 में रहने वाला अमन बंसल और उसके दो-तीन साथी भड़क गए। आरोप है कि आरोपियों ने गार्ड का ही डंडा छीन लिया और उसी से उनके सिर, चेहरे और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। फ्लैट पर पत्थर फेंकने और धमकी देने का भी आरोप सोसाइटी निवासी विजय सिंह राठौड़ ने हरिभाऊ नगर थाना प्रभारी को दी शिकायत में आरोप लगाया कि मारपीट के बाद आरोपी उनके फ्लैट पर पहुंचे, जहां उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया तथा दरवाजे पर पत्थर फेंके गए। शिकायत में कहा गया है कि पूरी घटना सोसाइटी के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जबकि उनकी बेटी ने भी घटना का वीडियो बनाया। साथ ही एक मोबाइल नंबर से कॉल कर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। महिलाओं ने कहा- अब खुद को सुरक्षित नहीं मानते सोसाइटी के वरिष्ठ निवासी ईश्वरदास पारवानी सहित अन्य लोगों ने कहा कि जब सुरक्षा के लिए तैनात गार्ड ही सुरक्षित नहीं है तो निवासी खुद को कैसे सुरक्षित मानें। महिलाओं और युवतियों ने भी घटना के बाद असुरक्षा का माहौल होने की बात कही। निवासियों का आरोप है कि मुख्य आरोपी अमन बंसल का सोसाइटी में फ्लैट है, लेकिन वह वहां रहने के बजाय अक्सर दोस्तों के साथ आकर शराब पीने और हुड़दंग करता है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।