दौसा रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय महिला का बैलेंस बिगड़ गया। वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई। यात्रियों और RPF के जवानों ने तुरंत महिला को पकड़कर खींचने का प्रयास किया, लेकिन वह फिसलकर नीचे चली गई। शोर-शराबे बीच कोच में बैठे परिवार के लोग प्लेटफॉर्म पर कूद गए। इसी दौरान यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवा दी। करीब 5 मिनट बाद जवानों ने ट्रेन के नीचे की तरफ से महिला को बाहर निकालकर उसकी जान बचा ली। हादसा सोमवार शाम करीब 4:40 बजे बरेली-न्यू भुज एक्सप्रेस के ठहराव के समय हुआ। घटना का वीडियो मंगलवार को सामने आया है। घटना के कारण ट्रेन स्टेशन पर करीब 25 मिनट तक रुकी रही। पहले देखें… हादसे से जुड़ी PHOTOS फोटो-1: दौसा स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय महिला का बैलेंस बिगड़ा और वह गिर गई। RPF जवानों और यात्रियों ने तुरंत बचाने का प्रयास किया। फोटो-2: हादसे की जानकारी मिलते ही महिला के परिजन और कई यात्री चलती ट्रेन से प्लेटफॉर्म पर कूद गए। फोटो-3: यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई। इसके बाद RPF के जवानों ने महिला को ट्रेन के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला। अब पढ़िए… सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम 1. पानी भरने उतरी, चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसली RPF थाना प्रभारी उम्मेद सिंह ने बताया- उत्तर प्रदेश में रामपुर जिले के रहमतगंज निवासी गायत्री देवी (35) पत्नी रवि कुमार सत्संग (जय गुरुदेव) सुनने जयपुर जा रही थीं। बरेली-न्यू भुज एक्सप्रेस (14321) के एस-4 कोच में गायत्री के साथ परिवार सहित करीब 40 लोगों का ग्रुप था। ट्रेन के दौसा रेलवे स्टेशन पर ठहराव के दौरान वह पानी भरने के लिए नीचे उतरी थी। इस बीच ट्रेन रवाना हो गई। गायत्री के एक हाथ में बोतल थी। उसने दूसरे हाथ से ट्रेन का हैंडल पकड़कर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन बैलेंस बिगड़ने से पैर फिसल गया। वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई। 2. RPF के जवानों ने खींचने की कोशिश की महिला के गिरते ही स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। लोग ‘अरे बचाओ... कट गई... कट गई...’ चिल्लाने लगे। ड्यूटी पर तैनात RPF उप निरीक्षक उदयवीर सिंह और प्रधान आरक्षक कमलेश कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों ने पटरी की ओर जा रही महिला का पैर पकड़कर पूरी ताकत से बाहर खींचने की कोशिश की। महिला पूरी तरह बाहर नहीं निकल सकी, क्योंकि वह चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गई थी। यात्रियों ने भी खींचने का प्रयास किया, लेकिन महिला प्लेटफॉर्म की दीवार और ट्रैक के बीच गिर गई। गनीमत रही कि वह ट्रेन की चपेट में नहीं आई। हादसे के बारे में पता चलते ही कोच में बैठे साथी यात्री ट्रेन से कूद गए। 3. चेन पुलिंग से रुकी ट्रेन, महिला को निकाला आरपीएफ के जवानों के शोर मचाने पर एस-9 कोच में मौजूद यात्रियों ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। इसके बाद उदयवीर सिंह और कमलेश कुमार ने बिना देरी किए सावधानी से महिला को ट्रेन के नीचे की तरफ से बाहर निकाला। गायत्री के भाई नरेश कुमार, बहन और ग्रुप के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। घायल गायत्री को तुरंत एंबुलेंस से दौसा के गवर्नमेंट हॉस्पिटल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। उसके सिर, आंख और दाएं कंधे पर चोट आई है। प्राथमिक इलाज के बाद उसे आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया। फिलहाल वह खतरे से बाहर है।