अजमेर में बुधवार सुबह से शहर और आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। मानसून की गतिविधियां एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं। तेज बारिश के चलते सुभाष नगर स्थित तारागढ़ रोड पर निर्माणाधीन नाला भर गया। जिसके चलते नाले का पानी सड़कों पर बहने लगा। इस बीच वहीं से गुजर रहा एक एक्टिवा चालक गड्ढे में जा गिरा। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे गड्ढे से एक्टिव सहित बाहर निकाला। पिछले 24 घंटे में जिले में 39.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे बारिश की कमी का अंतर घटने की उम्मीद है। लगातार बारिश से मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। अजमेर में बारिश ने पकड़ी रफ्तार पिछले कई दिनों से सुस्त पड़े मानसून ने बुधवार को जोरदार वापसी की। सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण शहर की सड़कें भीग गईं और लोगों को गर्मी व उमस से बड़ी राहत मिली। बुधवार सुबह जारी मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में 39.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। शाम तक जारी होने वाले आधिकारिक वर्षा आंकड़ों में यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। 61 फीसदी बारिश की कमी घटने की उम्मीद जिले में मंगलवार तक 1 जनवरी से 21 जुलाई के बीच 185.5 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 475.7 मिमी बारिश हुई थी। यानी जिले में अब तक 290.2 मिमी यानी करीब 61 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई थी। बुधवार को हुई अच्छी बारिश के बाद इस अंतर में कमी आने की संभावना है। तापमान में बड़ी गिरावट बारिश से पहले लगातार गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही थी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि बुधवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा। लगातार बारिश के चलते दिन के तापमान में भी और गिरावट रहने की संभावना है, जिससे मौसम सामान्य से ठंडा बना रहेगा। 10 और 5 साल के औसत से अब भी काफी पीछे 21 जुलाई तक जिले में पिछले 10 वर्षों की औसत वर्षा 658.73 मिमी और पिछले 5 वर्षों की औसत वर्षा 749.85 मिमी रही है। इसके मुकाबले इस वर्ष मंगलवार तक केवल 185.5 मिमी बारिश दर्ज हुई थी। हालांकि बुधवार की अच्छी बारिश से स्थिति में कुछ सुधार होने की उम्मीद है, लेकिन सामान्य स्तर तक पहुंचने के लिए आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश जरूरी रहेगी। यदि जुलाई के शेष दिनों और अगस्त में पर्याप्त बारिश नहीं हुई तो खरीफ फसलों की बुवाई और उत्पादन प्रभावित हो सकता है। आगे क्या? मौसम विभाग के अनुसार अजमेर संभाग में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। बुधवार से शुक्रवार तक कई स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 25 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लगातार बारिश के चलते तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिलती रहेगी।