चित्तौड़गढ़ में आखिरकार मानसून ने फिर से दस्तक दे दी है। मंगलवार देर रात शहर सहित अन्य जिले के ज्यादातर हिस्सों में बारिश हुई। जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। वहीं बुधवार को सुबह से आसमान काले बादल से ढका हुआ है। बारिश के बाद तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है। जिससे लोगों को तेज धूप और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को भी जिले में अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं, 26 जुलाई तक जिले में लगातार बारिश का दौर बना रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया। इस दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। लंबे समय बाद मानसून के दोबारा सक्रिय होने से किसानों के साथ-साथ आम लोगों में भी राहत और उम्मीद का माहौल है। बेगूं और बड़ीसादड़ी में नहीं बरसे बादल पिछले कई दिनों से जिले में बारिश नहीं हुई। बढ़ती गर्मी का प्रकोप और उमस से लोग पूरी तरह से परेशान हो गए थे। मंगलवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली और जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ शहर में 8 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा गंगरार में 10 एमएम, राशमी में 18 एमएम, कपासन में 6 एमएम, निंबाहेड़ा में 2 एमएम, भदेसर में 3 एमएम, डूंगला में 5 एमएम, रावतभाटा में सबसे ज्यादा 23 एमएम, बस्सी में 2 एमएम और भोपालसागर में 7 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। जिले के सिर्फ बेगूं और बड़ीसादड़ी उपखंड ऐसे रहे, जहां बारिश दर्ज नहीं हुई। बाकी सभी इलाकों में हुई बारिश ने यह साफ कर दिया कि मानसून एक बार फिर सक्रिय हो चुका है। तापमान में आई गिरावट बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। पिछले 24 घंटे में चित्तौड़गढ़ शहर का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं इससे पहले 48 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस था। यानी बारिश के बाद दिन और रात दोनों के तापमान में हल्की कमी आई है। बुधवार सुबह से आसमान में घने बादल छाए हुए हैं, जिससे मौसम पहले के मुकाबले काफी सुहाना बना हुआ है। लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है और सुबह की शुरुआत भी ठंडे मौसम के साथ हुई। अब तक 241 एमएम बारिश मौसम विभाग के अनुसार जिले में अब तक कुल 241 एमएम बारिश हो चुकी है, जो जिले की औसत बारिश का 32.13 प्रतिशत है। विभाग का अनुमान है कि अब बारिश की गतिविधियां लगातार बनी रहेंगी। बुधवार को भी जिले में अच्छी बारिश होने की संभावना है और 26 जुलाई तक मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह बारिश होती रही तो जिले में बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है। इससे खरीफ की फसलों को फायदा मिलेगा, जलाशयों में पानी बढ़ेगा और लंबे इंतजार के बाद लोगों को मानसून का पूरा असर देखने को मिल सकता है।