अजमेर| नगर निगम के नए बोर्ड की पहली दिवाली पर शहर को रोशनी से सजाने की तैयारी है। इस बार चौपाटी जैसे प्रमुख स्थलों के साथ मुख्य बाजारों को भी सजावट से जोड़ने की योजना है। झूमरों के साथ लाइटिंग गेट बनाकर बाजारों का लुक बदलने की तैयारी की जा रही है। निगम प्रशासन पहली बार रामसेतु के नीचे भी आकर्षक लाइटिंग करेगा। इसके लिए निगम की पुरानी बिल्डिंग के सामने काम शुरू हो गया है। गांधी भवन और रामप्रसाद घाट पर भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आनासागर चौपाटी और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को भी सजाया जाएगा। सुभाष उद्यान को नया रूप देने के लिए निगम की इलेक्ट्रिक विंग अलग-अलग जगहों पर सजावट के विकल्प तलाश रही है। जयपुर की तर्ज पर शहर को रोशनी से सजाने की योजना है। महापौर अनामिका शर्मा का फोकस इस बार दिवाली की तैयारियों पर है। इससे पहले दशहरे पर रावण दहन से पहले लेजर शो के जरिए रामायण और ड्रोन से विकास यात्रा दिखाई गई थी।