अजमेर में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से MD और स्मैक बरामद हुई है। पूछताछ में महिला ने खुलासा किया कि वह यह नशा अपनी मां से लाकर बेचने निकली थी, जिसके बाद पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। कार्रवाई पुलिस जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ व सीओ दक्षिण मनीष बडगूजर के सुपरविजन में थानाधिकारी( ट्रेनी आईपीएस) डॉ. दीपेन्द्र सैनी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। महिला भागी तो पुलिस को हुआ शक टीम को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र की सांसी बस्ती में महिलाएं अवैध मादक पदार्थों की बिक्री कर रही हैं। सूचना पर पुलिस टीम फैक्ट्री वाली गली, सांसी बस्ती पहुंची, जहां एक महिला पुलिस को देखकर घबराकर दूसरी तरफ भागने लगी। महिला पुलिसकर्मी की मदद से उसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से दो प्लास्टिक थैलियों में पाउडरनुमा पदार्थ मिला। जांच में यह पदार्थ एमडी और स्मैक पाया गया। जिसका वजन करने पर स्मैक 33.32 ग्राम और एमडी 9.50 ग्राम निकली। कुल 42.82 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला यह मादक पदार्थ अपनी मां से लेकर बेचने के लिए निकली थी। इस खुलासे के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। मादक पदार्थों की सप्लाई कहां से हो रही थी, जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने आरोपी माधुरी भोगावत (27) निवासी सांसी बस्ती, भगवानगंज को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 और 8/22 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।