अजमेर में एटीएम से रुपए नहीं निकलने पर गुस्साए दो युवकों ने रोडवेज बस स्टैंड परिसर में स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम की स्क्रीन तोड़ दी। घटना रविवार की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एएसआई मनीराम ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी हिमांशु शर्मा और भगवान राम रोडवेज बस स्टैंड परिसर स्थित पीएनबी के एटीएम से एक हजार रुपए निकालने पहुंचे थे। दोनों ने एटीएम में पिन दर्ज किया, लेकिन किसी तकनीकी खराबी या नकदी उपलब्ध नहीं होने के कारण रुपए नहीं निकल सके। इससे नाराज होकर दोनों युवकों ने अपना आपा खो दिया और मोबाइल फोन एटीएम की स्क्रीन पर फेंक दिया। इससे स्क्रीन क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। फुटेज के आधार पर दोनों युवकों की पहचान कर उन्हें शांतिभंग में गिरफ्तार किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।